ऑस्ट्रेलिया में 21वें राष्ट्रमंडल खेलों का आठवां दिन कल भारत के लिए पदकों की सौगात ले कर आया। कल भारत ने दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य के साथ कुल सात पदक जीते। कुश्ती में सुशील कुमार ने पुरुषों के 74 किलो भार वर्ग में और राहुल अवारे ने 57 किलो भार में स्वर्ण पदक जीते। सुशील ने 74 किलो भार वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के पहलवान को बेहतर तकनीक के आधार पर 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। उधर राहुल अवारे ने 57 किलो भार वर्ग के फाइनल में कैनाडा के पहलवान को एकतरफा मुकाबले में 15 -7 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
बबीता कुमारी फोगाट ने महिलाओं के 53 किलो वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का मान बढाया। महिलाओं के 76 किलो भार वर्ग के फ्री स्टाइल में किरण ने मॉरिशस की प्रतिद्वंदी को हराकर कांस्य पदक जीता। एथलेटिक्स में डिस्कस थ्रो में सीमा पूनिया ने रजत और नवजीत ढिल्लों ने कांस्य पदक जीते। सीमा का राष्ट्रमंडल खेलों में यह लगातार चौथा पदक है। शूटिंग में महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में तेजस्वनी सावंत ने रजत पदक जीता। इसके साथ ही शूटिंग में भारत का यह 12वां पदक है। महिला हॉकी के सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया से भारत को एक-शून्य से हार का सामना करना पड़ा है। पदक तालिका में भारत 14 स्वर्ण, सात रजत और दस कांस्य सहित कुल 31 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर बना हुआ है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है।