नेपाल में ललितपुर में 8वीं दक्षिण एशियाई जूडो चैंपियनशिप में भारत ने महिला वर्ग में क्लीन स्वीप करते हुए सातों स्वर्ण पदक जीत लिए हैं। आज भारत को महिला वर्ग में तीन स्वर्ण पदक मिले। पुरूष वर्ग में भारत को कुल तीन स्वर्ण और तीन कांस्य पदक मिले।
गरिमा चौधरी ने देश को पांचवा स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने 70 किलोग्राम से कम भार वर्ग के फाइनल में बांगलादेश की फारिमा खानम को पराजित किया। 78 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भारत की जी. जीना देवी ने मेजबान नेपाल की पूनम श्रेष्ठा को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद तुलिका मान ने महिला वर्ग का सातवां और आखिरी स्वर्ण पदक भी भारत की झोली में डाल दिया। 78 किलोग्राम से ज्यादा भार वर्ग में उन्होंने की श्रीलंका की मिलानी सिलवा को शिकस्त दी। आज पुरूषों में चार में से तीन स्वर्ण पदक भारत के खाते में गए। दिवेश ने 81 किलोग्राम से कम भार वर्ग में नेपाल के संजय के महाराजन को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद विजय कुमार यादव और अजय यादव ने भी अपने-अपने मुकाबले जीत सोने के तमगे हासिल किए। प्रतियोगिता के अंतिम दिन कल टीम स्पर्धाएं होंगी।