लीना नदी (संकलित)…
लेना नदी (रूसी: Ле́на, अंग्रेज़ी: Lena) उत्तरी एशिया के पूर्वी साइबेरिया क्षेत्र की एक नदी है और दुनिया की ११वीं सबसे लम्बी नदी है। येनिसेय नदी और ओब नदी के साथ यह आर्कटिक सागर में बहने वाली तीसरी महान साइबेरियाई नदी मानी जाती है। इसकी पूरी लम्बाई ४,४७२ किमी (२,७७९ मील) है और यह पूरी तरह रूस के अन्दर बहने वाली सबसे लम्बी नदी है।लीना नदी एशिया में बैकाल पर्वत से निकलकर साइबेरिया के पूर्वी भाग में बहकर उत्तरी हिम महासागर की एक सँकरी खाड़ी में गिरती है। अगल बगल से इसमें आकर मिलनेवाली कई सहायक नदियों सहित इसकी जलप्रवाह प्रणाली द्रुमाकृतिक है। यह वर्ष में सात-आठ महीने जमी रहती है और वसंत ऋतु में पिघलती है, परंतु इसका मुहाना उस समय भी हिमाच्छादित रहता है। फलस्वरूप जल मैदानों में फैल जाता है, जिससे दलदल बन जाते हैं।
लेना नदी मध्य साइबेरियाई पठार से दक्षिण में १,६४० मीटर की ऊँचाई पर बायकाल पर्वतों में शुरू होती है। इसका स्रोत स्थल मशहूर बायकाल झील से ७ किमी पश्चिम को है। अपने स्रोत से यह उत्तर-पूर्व को बहती है और इसमें किरेंगा नदी, वितिम नदी और ओल्योकोमा नदी विलय हो जाती हैं। याकुत्स्क के शहर के बाद यह पठार से उतारकर मैदानी इलाक़े में आ जाती है और उत्तर को बहती हैं जहाँ इसमें अल्दान नदी विलय हो जाती है। रास्ते में वेरख़ोयान्स्क पर्वतों के आ जाने की वजह से यह उत्तर-पश्चिम को रुख़ बदलती है और इसमें विल्युय नदी विलय हो जाती है। इसके बाद यह आर्कटिक महासागर की एक विभाग में (जिसका नाम लापतेव सागर है) बह जाती है। कुल मिलाकर लेना नदी का जलसम्भर इलाक़े का क्षेत्रफल २५,००,००० वर्ग किमी है।