नोडल अधिकारी ने कम्युनिटी किचन का किया निरीक्षण

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

अधिशासी अधिकारी व निगरानी समिति के सदस्यों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

कछौना (हरदोई)। जनपद के नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कस्बा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया और वहां बनने वाले भोजन की गुणवत्ता आदि व्यवस्थाओं को बारीकी से परखते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त निगरानी समितियों के सदस्यों से बात करते हुए उन्हें दायित्वों का निर्वाहन पूरी जिम्मेदारी से करने के निर्देश भी दिये।

विशेष सचिव और जनपद के नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी अपने काफिले के साथ शनिवार की दोपहर कस्बा कछौना स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में संचालित सामुदायिक रसोई स्थल पहुंचे। सामुदायिक रसोई में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, साफ-सफाई आदि का बारीकी से निरीक्षण कर संतोष व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने अधिशासी अधिकारी डॉ प्रकाश गोपालन से नगर क्षेत्र में गठित निगरानी समितियों व कम्युनिटी किचन में भोजन करने वाले जरूरतमंदों की संख्या, बाहर से आने वाले प्रवासियों आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। सामुदायिक रसोई के निरीक्षण के उपरांत नोडल अधिकारी ने नगर पंचायत प्रशासन द्वारा प्रत्येक वार्ड में गठित निगरानी समिति के कुछ सदस्यों से बात करते हुये कहा कि वह अपने-अपने वार्ड क्षेत्र में नियमित सैनिटाइजेशन के साथ-साथ बाहर से आए हुए प्रवासियों पर निगरानी रखते हुए उनके होम क्वॉरेंटाइन रहने की सुनिश्चिता बनाये रखने के लिये विशेष निगाह बनाए रखें। यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही व संदिग्ध परिस्थिति नजर आये तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दें।

नोडल अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी डॉ प्रकाश गोपालन को निर्देश दिया कि सामुदायिक रसोई में केवल जरूरतमंदों को ही भोजन खिलाया जाए। जिन प्रवासियों या बेरोजगारों के राशन कार्ड बन गए है वह लोग अपना राशन कोटेदार से प्राप्तकर अपने घर में ही खाना बनाये। सामुदायिक रसोई में उन्हें ही भोजन कराया जाय जो असहाय, निराश्रित व जरूरतमंद हो और जिनका राशन कार्ड अभी तक नही बना है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी डॉ प्रकाश गोपालन, लिपिक जय बहादुर सिंह, कोतवाली कछौना के प्रभारी निरीक्षक रॉय सिंह यादव के साथ पुलिस बल व नगर पंचायत कर्मचारियों सहित कुछ सभासदगण आदि लोग मौजूद रहे।