आदित्य त्रिपाठी ( प्रबन्ध सम्पादक )
बेंहदर विकास खण्ड के गौरीदायमपुर के प्राथमिक विद्यालय में शौचालय निर्माण में घोर अनियमितताएं सामने आ रही हैं । ग्रामीणों के बताने के अनुसार जहाँ एक ओर दीवार के निर्माण में सात अनुपात एक का मसाला लगाया जा रहा है वहीं ईंट भी दोयम दर्जे की प्रयोग में लायी जा रही है । ग्रामीणों ने बताया कि फोन के जरिए कल इस कदाचार की शिकायत बीडीओ बेंहदर और एसडीएम सण्डीला से की गयी थी लेकिन इसके बाद भी काम जारी रहा । आज जब हमारे संवाददाता मौके पर गए तो ग्रामीणों ने उन्हें पूरी जानकारी दी । मौका मुआयना से स्पष्ट पता चल रहा था कि भ्रष्टाचारियों के हौसले कितने बुलंद हैं । हमारे संवाददाता ने इस संबंध में क्रमशः ग्राम प्रधान, बीडीओ और एसडीएम से बात की तो प्रधान ने जहाँ गोल-मोल जवाब दिया वहीं बीडीओ ने किसी भी प्रकार की जानकारी से ही इंकार कर दिया । वहीं ग्रामीण और समाजसेविका तथा भाजपा नेत्री रमा पाण्डेय, रामरहीस, रामबहादुर, तिलक, जमुना, रामविलास आदि ने बताया कि उन्होंने बीडीओ को इस प्रकरण की जानकारी दी है । संवाददाता ने जब एसडीएम से इस संबंध में जानकारी चाही तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की सूचना दी गई थी और उनके द्वारा कार्य स्थगन के लिये कहा गया था । इस पर संवाददाता ने कहा कि कार्य तो अभी भी जारी है तो एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया । अब देखने वाली बात यह है कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी या फिर सभी जिम्मेदार अपना – अपना हिस्सा लेकर जनता को मूर्ख बनाकर नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ करेंगे ।