कछौना (हरदोई)। स्पोर्ट्स स्टेडियम हरदोई में आयोजित जिलास्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में जनता इन्टर कालेज कछौना की छात्राएं विजेता और बालक वर्ग में छात्र उपविजेता बने हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन सहित छात्र छात्राओं व उनके परिजनों ने खुशी जाहिर की।
गंगा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज हरदोई के तत्वाधान में शुक्रवार को जनपद हरदोई स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित हुई। सीनियर बालिका वर्ग (अंडर-19) में बेस्ट ऑफ थ्री के लगातार दो मुकाबलों में गंगा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज टीम को पराजित कर जनता इंटर कॉलेज कछौना की टीम चैपियन बनी। वही सीनियर बालक वर्ग के कड़े मुकाबले में जनता इंटर कॉलेज की टीम चैंपियन बनने से एक कदम चूक गई और रनर-अप (उवविजेता) से ही संतोष करना पड़ा। बैटमिंटन में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि अभिराम सिंह प्रधानाचार्य गंगा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज द्वारा मेडल प्रदान कर छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया।
टीम के कोच एवं मैनेजर सरताज खां ने बताया कि बैटमिंटन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने कौशल का उम्दा प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि सीनियर बालिका वर्ग में उम्दा प्रदर्शन करने वाली जनता इंटर कॉलेज की छात्राओं पंछी मौर्य, हरियाली द्विवेदी और सोनाली मौर्य का चयन 30 अगस्त को उन्नाव में होने वाली अंतर्जनपदीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
जनपद स्तरीय बैटमिंटन प्रतियोगिता में मेडल जीतकर लौटे छात्र-छात्राओं के परिजनों ने भी खुशी व्यक्त की है। सीनियर बालिका वर्ग की चैंपियन टीम की सदस्य ग्राम मतुआ निवासी हरियाली द्विवेदी के पिता ओम प्रकाश द्विवेदी व माता श्रीमती रेखा द्विवेदी ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें नाज है। वहीं भाई मोहित द्विवेदी ने कहा कि वह बहुत खुश हैं और चाहते हैं कि उनकी बहन इसी तरह अपनी खेल प्रतिभा का परचम जिले से बाहर होने वाली मंडल और प्रदेश की प्रतियोगिताओं में भी लहराए।