- कछौना के खिलाड़ियों का रहा शानदार प्रदर्शन
हरदोई। एचसीएल फाउंडेशन के तत्वाधान में नोएडा के शिव नाडर विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय (21 व 22 जून) ‘स्पोर्ट्स फॉर चेंज’ राज्य चैम्पियनशिप में जनपद हरदोई की टीम ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप जीत ली है। चैंपियनशिप जीतने में विकासखंड कछौना के परिषदीय विद्यालय के खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर हरदोई को कुल 133 जबकि नोयडा को 91 अंक मिले। लखनऊ जनपद तीसरे स्थान पर रहा। मेडल टैली में हरदोई को 13 स्वर्ण, 15 रजत और चार कांस्य पदक मिले। जिसमें 11 स्वर्ण, 8 रजत और तीन कांस्य पदक कछौना के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उम्दा प्रदर्शन के द्वारा प्राप्त किए।
कई व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हरदोई ने क्लीन स्वीप किया। जिसमें बैडमिंटन, लम्बी व ऊंची कूद, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम के सभी मेडल हरदोई के खिलाड़ियों ने जीते। हरदोई के ओवरऑल चैम्पियनशिप जीतने में आदर्श कनौजिया, आदर्श सिंह, अखिलेश सिंह, दीप कुमार पांडे, धर्मेंद्र कुमार, जितेन्द्र कनौजिया, आलोक गुप्ता, प्रदीप सिंह, सुनीता सिंह के कुशल प्रशिक्षण और अवकाश में भी की गयी मेहनत का भी विशेष योगदान रहा है।