गणेश महोत्सव के अवसर पर बुधवार को कवि सम्मेलन का आयोजन बावन चुंगी स्थित राजपूत टेंट हाउस वाली गली में किया गया । कवियों ने देर रात तक प्रेम की कविताओं से श्रोताओं को बांधे रखा तो वहीं हास्य से श्रोताओं को गुदगुदाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सवायजपुर विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी व इंडियन रोटी बैंक के संस्थापक विक्रम पांडे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। गणेश महोत्सव के आयोजनान्तर्गत आयोजित हुए कवि सम्मेलन का मंच संयोजन ओज के कवि केशव मोहन मिश्रा ने किया । कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष मधुर मिश्रा, भाजपा नेता पी के वर्मा व समाजसेवी राजवर्धन द्वारा कवियों को शॉल व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत हास्य के कवि गोपाल ठहाका द्वारा सरस्वती वंदना से हुई । इस कार्यक्रम में श्रृंगार के कवि पवन कश्यप ने “मैं गाऊँगा गीत अनूठे तुम बैठी सुनती रहना” पढ़कर तालियां बटोरी । आकाश सिंह सोमवंशी ने “एक अब तो एक्ट ला दो मेरे राम के लिए, कब तक हमारे राम का तिरपाल रहेगा” पढ़कर वाहवाही लूटी। राज चौहान ने “जिन लम्हों में तुम गुलजार रहे उस मंजर से मैं गुजरा हूँ वक्त की भाषा तुम क्या मुझको पल भर में समझाओगे” पढ़कर श्रोताओं को सराबोर कर दिया । ओज के कवि शिवम सांडिल्य ने “धेनुओ में बसते हैं राम कृष्ण कृष्ण देव सारे। वेदों की ये सूचना है मान लीजिए “कविता पढ़ी व केशव मोहन मिश्रा ने “न तो धन चाहिए न तो यश चाहिए भारती के लिए प्रेम बस चाहिए, गर मिले एक मौका हमे देश से बस तिरंगे का मुझको कफ़न चाहिए” से श्रोताओं में जोश भर दिया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे कवि अजीत शुक्ल ने “चिदम्बरम कारनामे दिखाने लगे है, देश को ही चूना लगाने लगे है, देखकर कमाई साहब की हम भी, गमले में गोभी उगाने लगे है” पढ़कर श्रोताओं को गुदगुदाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने इस आयोजन के लिए मंच की प्रशंसा की और ऐसे यादगार पल संजोने को कहा । संयोजक केशव मोहन मिश्रा ने सभी कवियों व श्रोताओं का आभार जताया। इस अवसर पर आयोजक शुभम सिंह, निखिल पाठक, भरत पांडेय, प्रीतेश दीक्षित, सत्यम तिवारी, भरत पांडेय, गो सेवक प्रशांत गुप्ता, विशु, देवव्रत आदि मौजूद रहे।