शादी समारोह में शामिल होने आए बाइक सवार चाचा-भतीजे की सड़क दुर्घटना में मौत

हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर माहरेपुर के पास हुआ हादसा 

लोनार थाना क्षेत्र के हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर माहरेपुर के पास बुधवार रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के पास मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी।

             जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्हागंज के ग्राम जेरा रहीमपुर निवासी रामलखन (28) पुत्र बुधपाल मजदूरी का काम करते थे। छोटे भाई शंकर ने बताया कि लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम बरबन निवासी मौसा बाबूराम के बेटे श्यामू की बुधवार को टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम शिवरी में बरात थी। जिसमें शामिल होने के लिए रामलखन और चाचा रामरतन (65) बाइक से गए थे। गांव से बरात जाते समय लोनार थाना क्षेत्र के हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर माहरेपुर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रामलखन के पास मिले मोबाइल से घटना की जानकारी परिजनों को दी। वहीं बरात में शामिल होने जा रहे अन्य लोग पीछे से आ गए और उन्होंने दोनों की पहचान कर ली। उन्होंने बताया कि रामलखन के एक पुत्र अनिकेत और दो पुत्री ज्योति व वर्षा है। चाचा रामरतन के तीन बेटे रमाकांत, श्रीकांत, शिवशंकर और चार बेटियां हैं।

गमगीन माहौल में संपन्न हुए कार्यक्रम


हादसे में दूल्हे के मौसेरे भाई रामलखन और उनके चाचा की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद गमगीन माहौल में ही शादी के सभी कार्यक्रम संपन्न हुए।