नेत्र चिकित्सालय में मानदेय पर चौकीदार रखा जायेः- जिलाधिकारी

गन्ना नेत्र चिकित्सालय कमेटी की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/अध्यक्ष गन्ना नेत्र चिकित्सालय पुलकित खरे की अध्यक्षता में किया गया।
नेत्र चिकित्सालय के पंजीकरण के संबंध में जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी एवं समिति के सदस्यों से कहा कि शीघ्र कमेटी का नवीनीकरण करायें तथा चिकित्सालय के अधीन बनी दुकानों के किराया निर्धारण एवं नवीन अनुबंध के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि नियमानुसार दुकानों का किराया निर्धारण किया जाये तथा नवीन दुकानों के अनुबंध सत्यापन के उपरान्त किये जायें।
नेत्र चिकित्सालय के बकाया विद्युत देय के संबंध में जिला गन्ना अधिकारी ने अध्यक्ष को अवगत कराया कि एकमुश्त समाधान के तहत विद्युत विभाग बिल दे दें तो भुगतान किया जा सके। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारी को शीघ्र ही नेत्र चिकित्सालय का विद्युत बिल भेजने के निर्देश दिये तथा नेत्र चिकित्सालय में मानदेय पर चौकीदार रखने के निर्देश जिला गन्ना अधिकारी को दिये। गन्ना समिति रूपापुर में विगत वर्षो की आंख अस्पताल मद में की गयी कटौती का धन प्राप्त करने लिए भी जिलाधिकारी ने निर्देशित किया। नेत्र चिकित्सालय की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए परामर्श शुल्क 05 से बढ़ा कर 10 रू0 तथा नेत्र परीक्षण एवं आपरेशन शुल्क 10 से 15 रू0 करने पर कमेटी द्वारा सहमति व्यक्त की गयी। बैठक में गन्ना नेत्र चिकित्सालय की आर्थिक स्थिति अत्यन्त खराब होने के दृष्टिगत इसे सुदृढ़ बनाने पर अध्यक्ष एवं कमेटी के सदस्यों द्वारा विचार विमर्श किया गया।
बैठक में विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एस0के0 रावत, अध्यक्ष गन्ना समिति हरदोई गेट अनिल कुमार सिंह, गन्ना संघ डायरेक्टर धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष गन्ना परिषद हरियावां इन्द्र पाल सिंह तथा नेत्र चिकित्सालय के डाक्टर वी0पी0 गौतम आदि मौजूद रहे।