राहुल मिश्र :
हरदोई जनपद के शाहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एक सप्ताह पूर्व एक बच्ची का जन्म एक अविकसित भ्रूण के साथ हुआ था। असाधारण बालिका जन्म होने के साथ ही जनपदवासियों के बीच कौतुहल का विषय बनी थी। वहीं बालिका के माता-पिता असामान्य बालिका के भविष्य को लेकर चिंतित थे। जिनकी चिंता को ग्रामीण स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य कर रही मेडोप्लस कम्पनी ने समाप्त कराते हुए निश्शुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध करवाने के लिए राजधानी के बेहतर अस्पताल चंदन हास्पिटल में भर्ती करवाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहाबाद देहात के मंगलीपुर निवासी संजय की पत्नी करीना को बीती 2 जुलाई को प्रसव पीड़ा हुई तो वह अपनी पत्नी को लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर गया, जहां पर उसकी पत्नी ने एक असामान्य बालिका को जन्म दिया। बालिका के पेट पर एक अविकसित भ्रूण जिसमे हाथ, पैर, पेट आदि सहित चिपका हुआ था।
असामान्य बालिका के जन्म लेने की खबर पूरे जनपद में जंगल की आग की तरह पहुंची। लोगों का तांता गरीब संजय के घर पर टूट पड़ा। अपनी नवजात बालिका के भविष्य को लेकर परेशान संजय के पास गांव निवासी प्रेमसागर एक आशा की किरण बन पहुंचे, जो कि मेडोमित्र के पद पर कार्यरत रहकर गांववासियों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवा रहे हैं। प्रेमसागर के द्वारा तत्काल अपने उच्चाधिकारियों क्षेत्रीय प्रबंधक रंजीत सिंह तक बालिका की जानकारी पहुँचाई। मेडोप्लस कंपनी के संस्थापक डा. प्रकाश बक्शी ने तत्काल अपने कर्मचारियों के द्वारा बालिका को लखनऊ के चंदन हास्पिटल में भर्ती करवाया, जहां लखनऊ के जाने-माने शल्य चिकित्सकों की टीम के द्वारा बालिका के शरीर से अविकसित भ्रूण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मेडोप्लस टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीरज चंद्रा निदेशक दीपक श्रीवास्तव के निर्देश पर जनरल मैनेजर बलवंत सिंह व जोनल हेल्थ मैनेजर आशीष सेन द्वारा बालिका के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रही मेडोप्लस की कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर चंदन हास्पिटल ने सारा इलाज का खर्च माफ कर दिया है। यह जानकारी मिलते ही जनपद वासी मेडोप्लस व चंदन अस्पताल का आभार व्यक्त कर रहे है ।