कछौना (हरदोई) : थाना क्षेत्र के बघुआमऊ गांव के बाहर सड़क पर देर शाम खननमाफिया ने युवक के ऊपर हमला कर दिया और डम्पर चढ़ाने का प्रयास कर जबर्दस्ती गाड़ी में डालने का भी प्रयास किया। ग्रामीणों और पुलिस के आने के बाद खनन माफिया मौके से फरार हो गए।
खनन माफिया ने युवक की पिटाई भी जिससे युवक को चोटें आई है। पुलिस ने मुदकमा दर्ज कर पीड़ित का डॉक्टरी परीक्षण कराया और एक को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के बघुआमऊ गांव निवासी रोहित तिवारी रैसों चौराहे पर कीटनाशक दवाओं आदि की दुकान संचालित करते है। रोहित रविवार देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। रैसों बघुआमऊ मार्ग के पास देर रात पोकलैंड मशीन लगाकर मिट्टी खनन किया जा रहा था और यह मिट्टी डंफरों से भरकर किसी जगह डाली जा रही थी। रोहित जैसे ही गांव के बाहर एक देव स्थान के पास पहुंचे सामने से आ रहे मिट्टी भरे डम्पर चालक ने निकलने के लिए रास्ता नही दिया। बल्कि डम्पर चढ़ाने का प्रयास किया जिससे रोहित बाइक सहित सड़क किनारे जा गिरा। इसके बाद चालक से जब उसने विरोध जताया तो वहां अन्य कई डम्पर खड़े थे जिनके चालकों और दो लग्जरी कारों पर सवार लोग ने रोहित को पकड़ लिया और जमकर पीटा फिर गाड़ी में डालने का प्रयास किया। इन लोग में जहूर, पप्पी यादव, सारिक अली आदि शामिल थे।
इसी बीच वहां विवाद की जानकारी पर अन्य ग्रामीण आ गए और सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पुलिस भी पहुंच गई जिसके बाद खनन माफिया धमकी देते हुए चले गए। रोहित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डॉक्टरी परीक्षण कराया है।