कछौना पतसेनी के रेलवे गंज पूर्वी में जल भराव से जीवन नर्क

पी० डी० गुप्ता-   


कछौना, हरदोई- नगर पंचायत कछौना पतसेनी के रेलवे गंज पूर्वी मोहल्ला में घरो के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने व टूटी नाली और तालाब पर अवैध कब्ज़ा होने के कारण गलियों में पानी भरने लगा है । जिसके चलते मोहल्ले वासियों को आवागमन में काफी दिक्कत उठानी पड़ती है । इसकी शिकायत मोहल्ले वासियों ने जिलाधिकारी व नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी से की है । मोहल्ला रेलवे गंज पूर्वी के निवासी धीरज गुप्ता ने बताया कि इस समस्या से मोहल्ले वासी कई महीनों से जूझ रहे है । जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है । तालाब पर अवैध कब्जा हो गया है । नालियां पूरी तरह टूट चुकी हैं । गली में हमेशा पानी भरा रहता है जिसके चलते वृद्ध जन व नन्हें मुन्हे बच्चों को आवागमन में काफी दिक्कत उठानी पड़ती है । मोहल्लावासी अतुल दीक्षित ने बताया जल भराव में कूड़ा करकट जमा हो जाने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की प्रबल संभावना बनी हुई है ।
मोहल्लावासी पवन शर्मा ने बताया इस समस्या के निवारण के लिए कई बार शासन प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है परन्तु किसी ने इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया । मोहल्लावासी विनय शुक्ला द्वारा नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया है । परन्तु कोई निराकरण न होने के कारण रोज कोई न कोई मोहल्ला निवासी पानी में गिरकर या कीचड़ से फिसलकर घायल हो जाता है । नगर के सर्वांगीण विकास की बात करने वाले जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुये है । मोहल्ले के विश्वनाथ शुक्ला ने बताया इस समस्या का शीघ्र निराकरण न होने पर हम मोहल्ले वासी नगर पंचायत कार्यालय का घेराव करेंगे । शासन प्रशासन के मौन के चलते मोहल्लेवासी इस समस्या का दंश झेलने को विवश है ।