एस०बी० सिंह सेंगर :
माधौगंज (हरदोई)। जिले में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) कमीशनखोरी व भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती जा रही है। योजना का लाभ पाने के लिए जहां पात्रों को दर-दर भटकना पड़ रहा है वहीं ग्राम प्रधान व सचिव के गठजोड़ तथा मनमानी के चलते अपात्र इसका लाभ पाने में सबसे आगे हैं।
योजना में कमीशनखोरी के चलते जिले के अधिकतर गांवों में पात्रों को इस योजना का लाभ पाने से वंचित होना पड़ रहा है। पीएम आवास योजना में आए दिन पात्रों को लाभ ना मिलने व अपात्रों को लाभ मिलने की शिकायतें आम हो गई हैं। गांव में छप्पर व कच्चे/जर्जर मकानों में निवास करने वाले तमाम गरीब परिवार आज भी इस योजना का लाभ पाने से वंचित हैं, जबकि अपात्र लोग पैसों व अपनी सांठगांठ से इस योजना का जमकर लाभ उठा रहे हैं। कुल मिलाकर ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास/पंचायत अधिकारियों की मनमानी तथा खंड विकास अधिकारियों के शिथिल पर्यवेक्षण एवं लापरवाही से सरकार की यह अति महत्वाकांक्षी योजना कमीशनखोरी तथा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।
ताजा मामला विकासखंड माधौगंज की ग्राम पंचायत कुरसठ बुजुर्ग देहात से संबंधित है, जहां पीएम आवास योजना की लाभार्थी सूर्या देवी पत्नी प्रेमचंद ने ग्राम प्रधानपति मानसिंह(मिंटू) व उनके सहयोगी अनूप कुमार पर आवास देने के बदले रिश्वत के तौर पर बीस हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। ग्राम पंचायत के मजरा रूद्रपुरवा की निवासी पीड़िता सूर्या देवी ने बताया कि उसका पूरा मकान कच्चा है और वो अपने परिवार के साथ झोपड़ी बनाकर रहती है। उसको मिले आवास की अभी पहली क़िस्त चालीस हजार रुपए आए हैं जिसमें प्रधानपति मानसिंह व उसका सहयोगी अनूप कुमार बीस हजार रुपए मांग रहे हैं। प्रधानपति मानसिंह के सहयोगी अनूप कुमार ने जब पीड़िता के घर में घुसकर पैसों की मांग की तब पीड़िता ने इस बात का विरोध किया तो उसने पीड़िता व उसके बेटे को गालीगलौज करते हुए जानमाल की धमकी भी दी है।
पीड़िता ने बताया कि अगर चालीस हजार में बीस हजार रुपए हम इनको देंगे तो फिर हम लोग अपना मकान कैसे बनाएंगे। कमीशनखोरों के भय से पीड़िता का परिवार भय के साए में जी रहा है। पीड़िता ने मीडिया के माध्यम से उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। कुरसठ बुजुर्ग देहात के कई ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि ग्राम प्रधानपति मानसिंह व सचिव दिशा यादव की मिलीभगत से पीएम आवास योजना में प्रति लाभार्थी बीस हजार रुपए की धन उगाही की जा रही हैं। पैसे ना देने पर आवास की किस्तें रोक देने की भी धमकियां दी जाती हैं जिससे ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है।
वहीं इस संदर्भ में जब विकासखण्ड माधौगंज के खंड विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत कुरसठ बुजुर्ग देहात की सचिव दिशा यादव से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया तो दोनों का फोन रिसीव नहीं हुआ। प्रकरण के संबंध में जिले की मुख्य विकास अधिकारी को अवगत करा दिया गया है।