जमीनी विवाद में महिला की हत्या, उसके बेटों को किया गया मरणासन्न

हत्या, जानलेवा हमला, बलवा, हरिजन एक्ट सहित कई धाराओं मे दर्ज हुआ मुकदमा

हरदोई – अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम दुन्दपुर मे जमीनी विवाद के चलते मां की हत्या कर दी गयी और उसके दो बेटे घायल हो गये।पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार बीस वर्ष पहले मिली पट्टे की जमीन को दस दिन बाद दोबारा हल्का लेखपाल पवन कुमार पैमाईश करके चला गया तब वापस घर जाते समय रविवार की शाम गांव के अन्दर गुड्डू यादव के दरवाजे के सामने खड़न्जे पर पहले से योजना बनाकर गाड़ा लगाये बैठे गांव के ही गुड्डू यादव, रामबलन, रामभजन, भैनू यादव, प्रधान पति बैजनाथ, छोटक्के यादव,बेनी यादव और अहिबरन ने एक राय होकर बांका, लाठी डण्डा से जानलेवा हमला बोल दिया।परिवार के जो लोग बचाने आये उन्हें भी दबंगों ने जमकर पीटा। मामला बड़ी घटना मे तब्दील होते देख गांव के तमाम लोग आने लगे। गांव वालों का दबाव देख दबंग लोग जाति सूचक गालियां और धमकी देते हुए भाग निकले।

इनकी मौत ये हुए घायल

हमले मे विधवा मधुरानी की मौके पर ही मौत हो गयी। मधुरानी के दो बेट विमल कुमार व देवेन्द्र कुमार मरणासन्न हो गये और उसी पक्ष के इन्द्रपाल,हरिहर,हरिनाम,लवकुश,मीरा,पूनम,अनिल सहित आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गये।बचाने आये लोगों को भी चोटें आयी हैं।रिपोर्ट मे आरोप है कि प्रधान पति के बांके के वार से दोनों बेटे मरणासन्न हो गये और गुड्डू की लाडी से मधुरानी की मौत हो गयी । पुलिस ने रवि किशोर की तहरीर पर हत्या,जानलेवा हमला, बलवा, मारपीट, जानमाल की धमकी और हरिजन एक्ट सहित विभिन्न धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया है।

ये है विवाद का मामला

 लिखायी गयी रिपोर्ट मे अतरौली थाने के ग्राम दुन्दपुर मजरा रामपुर (अटवा) निवासी रवि किशोर पासी ने कहा है कि गांव निवासी गुड्डू यादव को बीस वर्ष मिली पट्टे मे जमीन की पैमाईश करने दस दिन पहले हल्का लेखपाल पवन कुमार आया था।लेकिन पैमाईश और कब्जा नहीं मिल सका था।पट्टे की जमीन के बगल मे गांव निवासी मधुरानी और उनके पुत्रों विमल कुमार व देवेन्द्र कुमार की जमीन है।पट्टे की जमीन का हिस्सा इन्हीं लोगों के कब्जे मे था।पैमाईश का ये लोग विरोध करते थे। रविवार को प्रधान ने कहा कि आज चाहे जो हो पैमाईश होकर रहेगी।पट्टे की जमीन का हिस्सा जबरिया कब्जा कर रखा है वह निकलवाया जायेगा।प्रधान के कहने पर हल्का लेखपाल रविवार को पुनः प्रधान और तमाम गांव वालों की मौजूदगी मे पैमाईश कर चला गया उसके बाद मारपीट और बवाल हो गया।

पुलिस ने प्रधान पति बैजनाथ सहित सात आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर ओ पी तिवारी ने मय फोर्स तत्काल छापा मारकर नामजद हत्यारोपी प्रधान पति बैजनाथ, हर्षित, गुड्डू यादव, रामबली, रामभजन, भैनू यादव, छोटन्ने यादव, बेनी माधव को गिरफ्तार कर लिया है।अभी फरार चल रहे एक आरोपी अहिबरन को गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस सम्भावित ठिकानो पर छापा मार कर तलाश कर रही है।