हरदोई- शाहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत शर्मा गांव के समीप गुजरे रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर एक बुजुर्ग के चीथड़े उड़ गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनो ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। हादसे से परिजनो में कोहराम मचा हुआ है।
शर्मा गांव निवासी पुरूषोत्तम दास (68) पुत्र दुर्गा खेतीबाड़ी का काम करता था। बता दें उसका मकान भी रेलवे लाइन के समीप ही बना हुआ है। सोमवार की सुबह वह खेतों में शौच जाने के लिए रेल लाइन को पार करने लगा। इसी बीच डाउन ट्रैक पर रन थ्रू ट्रेन आ गई। इसकी चपेट में आकर कई लोगों के देखते ही देखते बुजुर्ग के चीथड़े उड़ गए। हालांकि हादसे पर हुए शोर-शराबे को सुनकर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी इलाकाई लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनो के सुपुर्द कर दिया। मृतक के परिवार में पुत्र बृजभूषण व शादीशुदा दो पुत्रियां बताई गई है।