- महाशिवरात्रि पूरे देश में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, कोयंबटूर में ईशा योग केंद्र के समारोह में शामिल हुईं।
- गुजरात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए द्वारका के निकट प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ, नागेश्वर मंदिर और भवनाथ मंदिर के निकट गिरनार पर्वत पहुंचे।
- मध्यप्रदेश में उज्जैन के महाकाल मंदिर और खण्डवा के ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग में भी भक्तों का तांता लगा रहा।
- इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में लाखों श्रद्धालुओं ने विभिन्न नदियों में स्नान किया और भगवान शिव की पूजा अर्चना की।
- नेपाल में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर पशुपतिनाथ मंदिर के चारों कपाट आज तड़के तीन बजे से खोल दिए गए। इस पावन पर्व पर लाखों श्रृद्धालुओं ने पशुपतिनाथ की पूजा अर्चना की।
- श्रीलंका में कोविड महामारी की वजह से दो वर्ष के अंतराल के बाद महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। कोलम्बो के ऐतिहासिक पंचईश्वरम और पोन्नमबालवनेश्वरर मन्दिरों समेत अन्य मन्दिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। श्रीलंका में 13 प्रतिशत आबादी हिन्दुओं की है।
- जी.एस.टी. परिषद ने राज्यों की लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की लंबित जी.एस.टी. क्षतिपूर्ति का पूरा भुगतान करने का निर्णय किया। तरल गुड़, पेंसिल शार्पनर और ट्रैकिंग उपकरणों पर दरें कम की।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा–नरेंद्र मोदी सरकार के नेतृत्व में कश्मीर में आतंकवादी हिंसा, पूर्वोत्तर में उग्रवाद और वामपंथी हिंसा में 80 प्रतिशत की कमी आई।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने सिडनी में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से विचार विमर्श किया। हिंद-प्रशांत क्षेत्र, क्वाड और जी-20 पर चर्चा की।
- क्रिकेट में, ऑस्ट्रेलिया ने दिल्ली टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में एक विकेट पर 61 रन बनाए।
- दक्षिण अफ्रीका में महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप में इंग्लैंड ने भारत को 11 रन से हरा दिया।