टी-२० महिला क्रिकेट-विश्वकप मे इंग्लैण्ड ने भारत को हराया

आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

 'टी-२० महिला क्रिकेट-विश्वकप' के सुपर लीग मे इंग्लैण्ड ने भारत को ११ रनो से पराजित कर दिया है। रेनुका ठाकुर, शिखा पाण्डेय तथा राधा यादव के अलावा अन्य गेंदबाज़ बेअसर रहीं। रेनुका ठाकुर ने एक-के-बाद-एक ५ विकेट लेकर इंग्लैण्ड के बल्लेबाज़ों को स्तब्ध कर दिया था; परन्तु दूसरे छोर से अन्य गेंदबाज़ बेअसर दिखती रहीं। पूजा वस्त्राकर, दीप्ति शर्मा तथा राजेश्वरी गायकवाड़ के एक ओवर बहुत महँगे सिद्ध हुए थे, जो कि भारतीय दल की हार का कारण बना। भारतीय क्षेत्ररक्षण अपेक्षाकृत अधिक निराशाजनक रहा। 

हरमनप्रीत की कप्तानी भी दिशाहीन दिखी। वे गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करने मे सफल नहीं रहीं। राधा यादव को देर मे ले आयी थीं। इंग्लैण्ड का क्षेत्ररक्षण, गेंदबाज़ी, बल्लेबाज़ी तथा विकेट के बीच रन लेने के लिए दौड़ बेहतर रही। पहले खेलते हुए, इंग्लैण्डदल की बल्लेबाज़ों ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए, ७ विकेटों पर १५१ रन बनाये थे। वे 'डॉट बाल' जाने नहीं दे रही थीं। नैटली सीवर ब्रण्ट (५० रन) और एमी जोंस (४० रन) की आक्रामक बल्लेबाज़ी देखते ही बन रही थी। जिसके जवाब मे भारतीय दल ने ५ विकेटों पर कुल १४० रन।
 
भारत की सुपर लीग मे यह पहली पराजय है। भारतीय बल्लेबाज़ों ने बड़ी संख्या मे 'डॉट बाल' खेले थे। जेमिमा विफल रहीं। हरमनप्रीत कौर का दबाव मे ऊपर की ओर शॉट लगाना घातक सिद्ध रहा। स्मृति मन्धाना (५२ रन) को शीघ्रता नहीं करनी चाहिए थी। स्मृति मन्धाना का साथ जेमिमा ने नहीं दिया, जबकि ऋचा घोष का दीप्ति शर्मा ने भी नहीं दिया। दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। यदि वे खेल रही होतीं तो मैच का परिणाम भारत के पक्ष मे आ सकता था।

भारतीय दल का अगला मैच २० फ़रवरी को ऑयरलैण्ड के साथ होगा, जिस पर विजय प्राप्त करना, भारतीय दल की प्राथमिकता होगी; क्योंकि वही मुक़ाबला भारत को सेमी फ़ाइनल तक ले जाने मे सहायक होगा।

(सर्वाधिकार सुरक्षित― आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १८ फ़रवरी, २०२३ ईसवी।)