३ अप्रैल २०२३ के मुख्य समाचार

  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज दिनभर के लिए स्थगित। अगली बैठक बुधवार को होगी।
  • संसद ने प्रतिस्‍पर्धा संशोधन विधेयक 2023 पारित कर दिया है। इसे आज राज्‍ससभा ने बिना चर्चा के पारित किया।
  • लोकसभा ने पिछले सप्‍ताह इस विधेयक को मंजूरी दी थी। वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन ने आज राज्‍यसभा में यह विधेयक पेश किया और सदन में शोरगुल के बीच इसे ध्‍वनिमत से पारित कर दिया गया।
  • यह विधेयक सौदे के मूल्‍य पर आधारित विलय और अधिग्रहण को नियमित करने के लिए प्रतिस्‍पर्धा कानून 2002 में संशोधन के बारे में है। इसके अंतर्गत दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन के सौदों के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की मंजूरी की आवश्यकता होगी।
  • भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक तीन दिन की भारत यात्रा पर आज नई दिल्‍ली पहुंचे।
  • केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो के हीरक जयंती समारोह का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भ्रष्‍टाचार ने हमारी अर्थव्‍यवस्‍था और बैंकिंग प्रणाली के मूल आधार को नष्‍ट कर दिया था।
  • सरकार ने इस वर्ष हज के लिए एक लाख 40 हजार हजयात्रियों का चयन किया।
  • सीबीआई के 18 अधिकारियों को विशिष्‍ट सेवा के लिए राष्‍ट्रपति का पुलिस पदक प्रदान किये गये। प्रधानमंत्री ने ब्‍यूरो के तीन अधिकारियों को सर्वोत्‍कृष्‍ट अन्‍वेषण अधिकारी के स्‍वर्ण पदक से भी सम्‍मानित किया।
  • देशभर में वर्ष 2030 तक लगभग 17 हजार सात सौ सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जायेंगे।
  • पेट्रोलियम के बडे उत्‍पादक देशों के तेल उत्पादन में कटौती के बाद कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि।