कछौना की दीननगर व सुठेना ग्राम पंचायत को मिला मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार

चयनित ग्राम पंचायतों में सर्वांगीण विकास की होगी प्राथमिकता - मानवेन्द्र शर्मा

कछौना (हरदोई)। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के चलते हरदोई जिले के विकासखण्ड कछौना की दो ग्राम पंचायतों दीननगर व सुठेना को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में पुरस्कृत किया गया है। सीएम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित दोनों ग्राम पंचायतों को उत्कृष्टता श्रेणी के आधार पर पुरस्कार की धनराशि जारी कर दी गई है।

बताते चलें कि योगी सरकार द्वारा 2017 में शुरू की गई इस योजना में ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करने व उनके सशक्तिकरण हेतु प्रत्येक वर्ष पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिले से उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाता है। ग्राम पंचायतों में विकास कार्य, निर्माण तथा जनहित कार्यों में बेहतर प्रदर्शन और ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों पर इस योजना में ऑनलाइन आवेदन लिए जाते हैं। इस योजना में ग्राम पंचायत के विकास से संबंधित 9 क्षेत्रों से 50 मानकों की राज्य स्तरीय टीम द्वारा समीक्षा तथा मार्किंग व रैंकिंग के बाद चयनित ग्राम पंचायतों को विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि प्रदान की जाती है।

योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिले से पांच-पांच ग्राम पंचायतों (एक ब्लॉक से अधिकतम दो ग्राम पंचायतें) का चयन किया जाता है। हालांकि पहले प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक से तीन-तीन ग्राम पंचायतों का चयन किया जाता था लेकिन फिर यह नियम बदल दिया गया था। योजना के तहत तत्कालीन वर्ष 2021-22 हेतु मुजफ्फरनगर जिले को छोड़कर प्रदेश के प्रत्येक जिले से पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। योजना के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से गौशाला का रख-रखाव, तरल व अपशिष्ट पदार्थों का प्रबंधन कार्य, ग्राम पंचायत की स्वयं आमदनी बढ़ाने के विकल्पों पर कार्य, पंचायत भवन हेतु तकनीकी वस्तुओं की खरीद, पुस्तकालय की स्थापना सहित टीकाकरण आदि कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

वर्ष 2021-22 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में सशक्तिकरण व कराए गए विकास कार्यों हेतु उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग द्वारा इस योजना के अंतर्गत पुरस्कार के लिए चयनित 370 ग्राम पंचायतों में हरदोई जनपद की कुल पांच ग्राम पंचायतों में विकासखण्ड कछौना की दो ग्राम पंचायतें दीननगर व सुठेना, विकासखण्ड संडीला की दो ग्राम पंचायतें मवई मुसलमाना व गोगादेव तथा विकासखण्ड सांडी की एक ग्राम पंचायत भानापुर जानीमऊ शामिल हैं, जिसमें क्रमशः मवई मुसलमाना को 11 लाख, भानापुर जानीमऊ को 9 लाख, दीननगर को 6 लाख, सुठेना को 4 लाख तथा गोगादेव को 2 लाख की पुरस्कार स्वरूप धनराशि जारी कर दी गई है। हरदोई के जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) विनय कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के पंचायती राज विभाग द्वारा योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायतों के ग्राम निधि खाते में धनराशि जारी कर दी गई है जिसे ग्राम प्रधान व सचिव गांव के विकास में खर्च करेंगे। वहीं पुरस्कार मिलने से संबंधित ग्राम पंचायतों में खुशी की लहर व्याप्त है।

कछौना ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में चयनित होने पर कछौना के खंड विकास अधिकारी (BDO) मानवेन्द्र शर्मा ने दोनों ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सचिव को बधाई देते हुए कहा कि चयनित ग्राम पंचायतों में सर्वांगीण विकास की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की समस्त लोक कल्याणकारी योजनाओं को ब्लॉक में शत प्रतिशत लागू कराना, आमजनमानस को सभी योजनाओं से लाभान्वित कराने के साथ-साथ संपूर्ण विकासखण्ड कछौना क्षेत्र के विकास के लिए वो सदैव प्रतिबद्ध हैं।

ग्राम पंचायत दीननगर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत के इस योजना में चयनित होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसका श्रेय सभी ग्रामवासियों को दिया है। उन्होंने कहा कि प्राप्त धनराशि से ग्राम पंचायत दीननगर में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्राम पंचायत में तालाबों का समुचित रख-रखाव/सौंदर्यीकरण, वाटिका निर्माण, स्वास्थ्य उपकेंद्र का जीर्णोद्धार आदि कार्य कराए जाएंगे। मुकेश सिंह ने कहा कि वो भविष्य में ग्राम पंचायत दीननगर को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कराए जाने हेतु प्रयासरत हैं। ग्राम पंचायत दीननगर की ग्राम प्रधान राजेश्वरी देवी, ग्राम विकास अधिकारी पवन कुमार वर्मा तथा ग्राम पंचायत सुठेना के ग्राम प्रधान गौरीशंकर, निवर्तमान ग्राम प्रधान अमरनाथ कनौजिया (गुड्डू) व ग्राम विकास अधिकारी मन्नीलाल ने भी अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में चयनित होने पर हर्ष व्यक्त किया है।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ