तीन माह पूर्व खम्भे व तार डालने का कार्य पूर्ण परन्तु विद्युत आपूर्ति अभी तक नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

कछौना (हरदोई): सरकार की मंशा है कि हर घर रोशनी से रोशन हो, लेकिन विभागीय अधिकारी व कार्यदाई संस्था के कर्मचारी खाऊ-कमाऊ नीति के चलते सरकार की मंशा पर पलीता लगा रहे हैं। कई माह से खम्भे व तार डालने का कार्य पूर्ण होने के बावजूद अभी तक ग्राम सुजानपुर में विद्युत आपूर्ति नहीं चालू हो पाई। जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। जिसको लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, जिलाधिकारी से पत्र के माध्यम से शिकायत की है।

ग्रामीण मोहम्मद सुहैल, इरफान, अनीस, अनूप ने बताया आजादी के 71 वर्ष बाद भी हमारा ग्राम अभी तक विद्युतीकरण से वंचित है। जबकि हमारा ग्राम दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत 12वें चरण में चयनित है। जिसके अंतर्गत ग्राम में खम्भे व तार का कार्य पूर्ण हो गया है। कार्य तीन माह पूर्व में ही पूर्ण हो गया था। लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया है। कार्यदाई संस्था का ठेकेदार ग्रामीणों के अनुसार इस कार्य के लिए 20,000 रुपये सुविधा शुल्क मांग रहा है। लेकिन ग्रामीणों द्वारा घूस का बहिष्कार कर दिया गया जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ा रहा है। ग्रामीण आज भी दिये (दीपक) की रोशनी में जीवन यापन करने को विवश हैं। विद्युत आपूर्ति न होने के कारण नौनिहाल बच्चे दीये की रोशनी में शिक्षा ग्रहण करने को विवश हैं। ग्रामीण मुल्ला ने कहा कि रमजान के पर्व में बड़ी उम्मीद थी कि इसी माह विद्युत आपूर्ति चालू हो जाएगी। लेकिन विभागीय अधिकारियों की खाऊ-कमाऊ नीति के चलते निराशा ही हाथ लगी। वहीं ग्रामीण, वृद्धजन व महिलाओं ने बताया कि रोशनी न होने के कारण सांय को बाहर शौच के लिए जाने में हमेशा कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता है। ग्रामीण रामभरोसे ने बताया कि प्रदेश में सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण के लिए युद्ध स्तर से कार्य चल रहा है। लेकिन यह कर्मचारी सरकार की मंशा या कहें योजना को पलीता लगा रहे हैं। विद्युतीकरण न होने के कारण ग्राम का सर्वांगीण विकास नहीं हो पा रहा है।

इस समस्या के विषय में विद्युत उपकेंद्र कछौना के अवर अभियंता राजेश गौतम ने बताया कि विद्युत सुरक्षा निदेशालय द्वारा अभी तक अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है जिसके कारण विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि अगर विद्युत आपूर्ति शीघ्र नही चालू हुई तो हम सब ग्रामवासी विद्युत उपकेंद्र का घेराव करने को विवश होंगे।

रिपोर्टर: पी०डी० गुप्ता