हरदोई- सिटी हरदोई और देहात से होकर जाने वाले साढ़े सात किलोमीटर लंबे ड्रेन के पास दो से ढाई किलोमीटर के एरिये में अतिक्रमण होने की बात सामने आई है।इस संबंध में 107 लोगों को नोटिस थमा दिया गया है और 15 दिन की मोहलत सिंचाई विभाग ने लोगों को दी है।इस समय अवधि के बाद इन नाले की पटरियों पर बने घरों पर विभाग ने अपना बुलडोजर चलाने की चेतावनी भी दी है ।
शहर व देहात कोतवाली इलाके में करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबे नाले की पटरी को लोगों ने अपने घरों तक बढ़ाकर बना लिया है।इसको लेकर कई बार सिंचाई विभाग ने को 107 लोगों को नोटिस जारी किया है।उसी क्रम में इस बार फिर से सिंचाई विभाग में नाले को दुरुस्त किए जाने की तैयारी की जा चुकी है।इस पर करीब 107 लोगों को अपने घरों को स्वयं सही किए जाने की नोटिस दी गई है। नोटिस में सभी गृह स्वामियों को 15 दिन की मोहलत दी गई है।इसको लेकर सभी ग्रह स्वामियों में हड़कंप मच गया है।
जब अतिक्रमण वाले इलाकों जैसे प्रगति नगर और पेनी पुरवा में लोगों से बात की तो उनका दर्द छलक उठा।लोगों ने कहा कि अगर हमारे घर ही हमसे छिन जाएंगे तो हम लोग कहां जाएंगे।किसी ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला दिया तो किसी ने उन ठेकेदारों को कोसा, जिससे इन लोगों ने जमीन की खरीद की थी।कुछ मकान इनमें से ऐसे हैं, जिन्हें अगर ढहाया गया तो वे पूरे ही बुलडोजर की चपेट में आएंगे। ऐसे में स्थानीय लोगों ने कोर्ट के साथ साथ जिलाधिकारी से गुहार लगाने की बात कही है।
सहायक अभियंता चतुर्थ खंड शारदा नहर हरदोई के कार्यालय में एक्सईएन अखिलेश गौतम ने मौखिक रूप से जब जानकारी ली गई तो उन्होंने इस नाले के ऊपर विगत लंबे समय से अतिक्रमण होने की बात कही।उन्होंने कहा कि इन सैकड़ों लोगों ने इस नाले के ऊपर या परिधि में घरों का बढ़ाव करने से शहर और देहात के लोग प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने बताया कि यह नाला करीब 7.6 किमी लम्बा है और 2.5 किमी के दायरे में लोगों का कब्जा इसकी पटरी पर है। इसके चलते लगभग 107 लोगों को नोटिस दिया गया है।लोगों ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाए जाने की बात कही है।