अब किसान दिवस कमरे में न होकर किसानों के बीच होगाः-जिलाधिकारी

धान क्रय हेल्पलाइन 24 दिसम्बर से प्रारम्भ, एक घण्टे के अन्दर क्रय किया जायेगा किसानों का अनाज

ब्यूरो हरदोई


नवागंतुक जिलाधिकारी पुलकित खरे ने कहा कि शासन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम किसान दिवस अब एक सीमित दायरे में न रहकर इसका विस्तार किया जायेगा। किसान दिवस अब विकास भवन के सभागार में न आयोजित होकर किसानों के मध्य ब्लाक स्तर पर अधिकारियों एवं कृषकों के मध्य आयोजित होगा।

यह विचार जिलाधिकारी श्री खरे आज यहां भूतपूर्व मा0 प्रधान मंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर कृषि शोध केन्द्र बिलग्राम चुंगी पर किसान सम्मान दिवस का उद्घाटन कर आयोजित किसान गोष्ठी के अवसर पर व्यक्त किये। अपने संबोधन में सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने पावन धरती एवं पावन दिवस का उल्लेख करते हुये किसानों को तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्ण्व0 चौधरी चरण सिंह को नमन किया और कहा कि देश के विकास में किसानों का सबसे बडा योगदान है और किसान की मेहनत व उपज से ही सभी का पेट भरता है । श्री खरे ने कहा कि वर्तमान में किसान भाइयों को भारत सरकार की मंशा अनुरूप अपनी आय दोगुनी करने पर ध्यान देना चाहिए और इसके लिए जरूरी है कि किसान खेती के साथ-साथ बागबानी एवं पशुपालन आदि करें । इसके साथ ही जैविक खेती पर भी जोर दिया।

किसानों की समस्याओं पर बात करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा नहर नलकूप, खाद बीज, कृषि यन्त्र एवं अनुदान आदि पर होनी वाली समस्याओं को गम्भीरता से लिया जायेगा तथा उनका निराकरण उनकी प्राथमिकता होगी। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही किसी भी दशा में नही बर्दास्त की जायेगी। उन्होने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कृषक एवं कृषि विभाग व प्रशासन के मध्य अन्तर है जिसके कारण उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्रता से नही हो पा रहा है। इस गैप को तत्काल समाप्त किया जायेगा तथा कृषक कृषि विभाग एवं प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

धान क्रय में होने वाली किसानों की समस्याओं को दृष्टिगत जिलाधिकारी ने किसानों के मध्य कहा कि धान क्रय की समस्या को तत्काल समाप्त किया जायेगा। बिचौलियों के माध्यम से क्रय होने वाले धान पर पाबन्दी होगी। छोटे-बड़े सभी कास्तकारों का धान एक समान ही क्रय किया जायेगा। इसमें दोषी पाये जाने पर अधिकारी, मिलर्स व धान क्रय एजेन्सी पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। किसानों की सहायता हेतु जिलाधिकारी ने धान क्रय हेल्पलाइन 24 दिसम्बर से प्रारम्भ कर दी है जिसका दूरभाष नम्बर 05852-234629 है। धान क्रय में किसी भी किसान को यदि कोई भी समस्या आ रही हो तो वह धान क्रय हेल्पलाइन पर सूचना दे। सूचना के एक घण्टे के अन्दर उसका धान क्रय ही नही किया जायेगा अपितु इसमें दोषी अधिकारी, केन्द्र प्रभारी एवं मिलर्स के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार ने कहा कि किसान भाई अपने क्षेत्र के उन्नतशील कृषकों से सलाह लें और उन्ही के अनुसार अपनी खेतों में खाद, पानी आदि का प्रयोग करे और अपनी आय बढाने के लिए खेती मंे विविधता लायें । उप निदेशक कृषि ने विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रगतिशील किसानों ने भी अपने विचार प्रकट किये। किसान सम्मान दिवस के अवसर पर रानी देवी, शशिलता, मंगू, राजेन्द्र, रामदेवी, गिरीश कुमार, राजेन्द्र कुमार आदि सहित 94 कृषकों को प्रशस्ति पत्र, शॉल, धनराशि एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

किसान सम्मान दिवस में जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कृषि अधिकारी डा0 विनोद कुमार यादव, जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार, जिला उद्यान अधिकारी महेन्द्र कुमार, उप कृषि निदेशक शोध एस0एन0राम सहित कृषि वैज्ञानिक आदि मौजूद रहे।