दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) : विकासखंड कछौना के ग्राम महरी स्थित बीएनएएस डिग्री कॉलेज मैं 5 अक्टूबर से चल रहे आठ दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग के छठे दिन गुरुवार को स्वयंसेवकों ने नगर कछौना में शोभा संचलन किया।
शोभा पथ संचलन शाम 5 बजे कस्बा कछौना स्थित जूनियर हाईस्कूल से आरंभ होकर बाबा कुशीनाथ मंदिर, पुरानी बाजार, बाबूलाल पुलिया, मुख्य चौराहे से स्टेशन रोड होते हुए देर शाम कस्बा स्थित संगीता सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस बीच संचलन के मार्गों पर संगठनों से जुड़े लोगों ने भारत माता की जय उदघोष के साथ स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा करते हुए उनका स्वागत किया। स्वयंसेवकों के कदम से कदम मिलाते हुए कतारबद्ध एवं अनुशासित संचलन को देखकर लोग आकर्षित हुए। शोभा संचलन के साथ पुलिस के जवान चलकर यातायात व्यवस्था बनाने में जुटे दिखाई दिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राय सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौजूद रहा। इससे पूर्व डिग्री कालेज स्थित प्राथमिक शिक्षा वर्ग कैंप में स्वयंसेवकों ने शारीरिक प्रदर्शन, योगा, प्राणायाम आदि का अभ्यास किया।