जेबकतरे को कोर्ट ले जाना सिपाही को पड़ा महंगा

                     कछौना- जेबकतरे को कोर्ट ले जाना सिपाही  को बहुत महंगा पड़ गया । जेबकतरा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया । पुलिस सूत्रों की माने तो सिपाही रामशंकर मिश्र की मात्र दो माह ही नौकरी शेष रह गयी है । जानकारों की माने तो सिपाही व गार्ड पर मुकदमा दर्ज कर जेल भी भेजा जा सकता है। आरोपी के फरार होने से विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है।
                      शनिवार को एक पुलिसकर्मी व एक गार्ड एक वारंटी को  ट्रेन द्वारा कोर्ट में पेश करने हरदोई ले जा रहे थे । लगभग करना स्टेशन के पास आरोपी पुलिस वालों को चकमा देकर फरार हो गया । बताया जाता है कि आरोपी को लेकर जा रहे पुलिस कर्मी व गार्ड का भी अभी तक कहीं कोई पता नहीं है । शनिवार की देर शाम यह जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कम्म मचा नजर आया ।
                    कोतवाली क्षेत्र के गाँव खेरवा, समोधा निवासी शमशुद्दीन उर्फ लंगड़ा उर्फ भूरा (55 वर्ष) जी.आर.पी. बालामऊ में लगभग सात  गिरहकटी के मामलों में आरोपी है । उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली है । वहीं स्थानीय थाने में भी निगरानी हेतु हिस्ट्रीशीट खुली है । कोतवाली प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि उक्त की गिरफ्तारी का वारन्ट न्यायालय से जारी हुआ था । जिसके अनुपालन में शुक्रवार की रात में गिरफ्तार कर थाने लाया गया था । शनिवार को कोतवाली के सिपाही राम शंकर मिश्र व गार्ड राज बहादुर सिंह की अभिरक्षा में कोर्ट में पेश करने भेजा गया था। यह भी बताया कि देर रात उन्हें सूचना मिली थी कि उपरोक्त आरोपी फरार हो गया है । यह भी बताया कि उक्त सिपाही व गार्ड ने अभी तक थाने में वापसी दर्ज नही कराई है । एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया दोनों को सस्पेंड कर दिया गया है ।