15 दिसम्बर को सुरसा थाना क्षेत्र के गहरुई में हुई बघौली थाना क्षेत्र के सहोरिया बुजुर्ग निवासी दीपू पुत्र राजाराम की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक महिला के साथ तीन लोगों के अवैध संबंधों के चलते दीपू को मौत के घाट उतारा गया था।
बता दें कि 15 दिसम्बर को सुरसा थाना क्षेत्र के गहरुई में हुई बघौली थाना क्षेत्र के सहोरिया बुजुर्ग निवासी दीपू पुत्र राजाराम का शव सड़क किनारे मिला था। यहाँ उसकी बाइक भी खड़ी मिली थी। मामले में मृतक के भाई ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीम लगाई गयी थी। पुलिस ने मल्लावाँ के छोटक्के उर्फ सेवकराम व सुरसा थाना क्षेत्र के फरीदपुर के जदुनाथ पुत्र नन्हे को इस मामले में गिरफ्तार किया है।
सीओ सिटी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि दीपू छोटक्के व जदुनाथ के अवैध संबंध गहरुई निवासी एक महिला के साथ थे। घटना वाले दिन तीनों एक-एक करके एक साथ उसके घर पहुंच गए और सभी रात को रुकना चाहते थे । लेकिन तीनों में जब इसी बात को लेकर विवाद होने लगा तो महिला ने तीनों को घर से भगा दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर दीपू की हत्या का ताना-बाना बुना और घटना को अंजाम दे डाला। सीओ के मुताबिक जदुनाथ महिला के पति की पहली पत्नी का भाई था। दोनों को जेल भेजा गया।