राजनेताओं को किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं – प्रदेश अध्यक्ष

ब्यूरो-रिपोर्ट हरदोई- प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्रा के शहर में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया । अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार हो या पिछली सरकार, सभी ने किसानों के साथ मिलकर धोखा किया है, किसानों के लिए जो बड़ी-बड़़ी घोषणाएं की जाती रही हैं, वह केवल वोट पाने का हथकंडा रहा है, वास्तव में किसी भी सरकार या राजनेता को किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। ये बात सत्य बहुमत पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्रा ने खेतुई बाला जी के परिसर में आयोजित विशाल जनसभा में कही। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्रा ने माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हरदोई में प्रथम आगमन पर उनका भव्य स्वागत हरदोई के जिलाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने पुष्प-गुच्छ देकर किया। वहीं प्रियंका त्रिपाठी ने मंचासीन अधिकारियों को बैच लगाकर उनका सम्मान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार व केंद्र सरकार ने किसानों के लिए जो घोषणाएं कर रही हैं। उनसे किसानों को कोई लाभ नहीं पहुंच रहा है। किसान कर्ज के बोझ के तले दबा हुआ है। अधिकांश किसानों का कर्ज अभी तक माफ नहीं हुआ। मजबूरी में वह आत्महत्या करने को विवश है। ऐसे में सरकार चाहे गठबंधन से बनी हो या किसी और तरह से। पूर्णतः भ्रष्टाचारयुक्त शासन करती है। अशिक्षा को बेरोजगारी का सबसे बड़ा कारण बताते हुए उन्होंने कहाकि शिक्षा पर किसी भी प्रकार का क्रांतिकारी निर्णय सरकार नहीं ले पा रही है। जनता का पैसा तो शिक्षा पर खर्च हो रहा है लेकिन सकारात्मक परिणाम गिनने मात्र को ही मिल रहे हैं। आयोजित जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष को सुनने जन-सैलाब उमड़ा और मध्य में उत्साह के साथ सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रदेश अध्यक्ष के विचारों का स्वागत किया।

इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष ने सौरभ सिंह को जिला हरदोई से मीडिया प्रभारी के पद के लिए घोषित करते हुए नियुक्ति पत्र दिया। जिलाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने कहाकि भ्रष्टाचार एक ऐसा मुद्दा है, जिसने पिछले 70 वर्षों से देश को खोखला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। आजादी के बाद से ही जनप्रिय बनने की होड़ में राजनेताओं ने राजनीति का ऐसा ध्रुवीकरण किया, जिससे हर वर्ग के लोग अब तक विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। कहाकि सत्य बहुमत पार्टी ही वैचारिक और सामाजिक दृष्टि से हर वर्ग के लोगों के साथ है और इसकी पहली प्राथमिकता किसानों की सहायता करना ही होगी। उन्होंने हरदोई के प्रसिद्ध खेतुई बाला जी के दर्शन भी किये। जिलाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर उनका आभार व्यक्त किया। जिला महासचिव विपिन कुमार के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्रा ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।

तत्पश्चात शहर के अतिथि होटल में प्रेस-कांफ्रेंस की गई। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्रा और जिलाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने सत्य बहुमत पार्टी के बहुउद्देश्यीय नीति के बारे में बताया।

जनसभा के दौरान कार्यक्रम का कुशल संचालन राज चौहान ने किया, जिसके लिए पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया और प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्रा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन की घोषणा जिला मीडिया प्रभारी सौरभ सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करके की।

वहीं जनसभा में जिला महासचिव विपिन कुमार, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सुशील यादव, निहाल खां, प्रियंका त्रिपाठी, प्रदेश सचिव अमित त्रिपाठी, नागेंद्र मिश्रा, सौरभ रस्तोगी, विवेक रस्तोगी और प्रेस-कॉन्फ्रेंस में पत्रकारगण मौजूद रहे।