गर्भवती महिला की रामपुर में ट्रेन से गिरकर मौत

रामपुर- लुधियाना से घर लौट रही एक गर्भवती महिला की ट्रेन से गिर जाने से मौत हो गयी। पत्नी को बचाने के चक्कर में ट्रेन से कूदे पति को भी चोट आई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा नगर के निकट नयागांव से हो कर गुजर रहे ट्रैक पर हुआ। हरदोई के कोतवाली देहात अंतर्गत कस्तूरी पुरवा निवासी शशिकांत लुधियाना में रह कर किसी जगह काम करता था। उसकी पत्नी उसके साथ ही रहती थी। बताते हैं कि दोनों का कुछ समय पहले ही विवाह हुआ था। अब उसकी 28 वर्षीय पत्नी मीरा गर्भवती थी। शशिकांत पत्नी को लेकर जन नायक एक्सप्रेस से घर जा रहा था। नगर के पास से गुजरते समय मीरा का जी घबराने लगा। उसे उल्टी करवाने के लिए शशिकान्त कम्पार्टमेंट के गेट तक लेकर आया था। अचानक किसी प्रकार संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरी। उधर पत्नी को नीचे गिरता देख पति ने भी आव देखा न ताव, छलांग लगा दी। महिला का सिर पत्थरों से टकराने से तत्काल ही उसकी मृत्यु हो गयी। उधर पति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायल पति का उपचार करवाया गया। शाम को जिला अस्पताल पहुंचे परिजन घायल युवक और शव को अपने साथ ले गए।