कौशांबी। समर्थ किसान पार्टी ने सोमवार को जिला मुख्यालय में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट मंझनपुर का घेराव किया। अपर जिलाधिकारी डॉ विश्राम यादव को राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
पार्टी नेता अजय सोनी की अगुवाई में जिले के तमाम कार्यकर्ता सुबह से ही मुख्यालय पर प्रदर्शन के लिए पहुंच कृषि विभाग कार्यालय के सामने बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए अजय सोनी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों एवं कृषि को अडानी अंबानी के हाथो गिरवी रखने के लिए तीन किसान विरोधी अध्यादेश विधेयक लाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है और उद्योगपतियों के इशारे पर देश के करोड़ों किसानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर केंद्र सरकार द्वारा कानून बनाने से आनाकानी करना यह साबित करता है कि केंद्र सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है।
इसके बाद पार्टी कार्यकर्त्ता जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्ट्रेट का घेराव एवं नारेबाजी की। अपर जिलाधिकारी डॉ विश्राम यादव को महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्र सरकार तत्काल तीनों किसान अध्यादेश विधेयक वापस ले और किसानों के साथ खिलवाड़ न करे। ज्ञापन स्वीकार करते हुए अपर जिलाधिकारी ने ज्ञापन को राष्ट्रपति को महोदय जी को भेजने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विवेक तिवारी, रामबाबू, जयराम गौतम, राम आसरे प्रजापति, अखिलेश विश्वकर्मा, अली रजा, नईम अहमद, राम शंकर यादव, जुम्मन अली, रामआसरे सरोज, भीमसेन दिवाकर सहित दर्जनों पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कौशांबी से ब्यूरो रिपोर्ट