लक्ष्य के अनुरूप वसूली करायेंः-जिलाधिकारी

               कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली करने वाले विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनवरी, फरवरी व मार्च तक वह अपने लक्ष्य के अनुरूप वसूली करायें तथा अपने फील्ड स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से भी राजस्व वसूली में बढ़ोतरी करें। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रो में खनन की शिकायत प्राप्त होती हैं उनका निरीक्षण करायें तथा शतप्रतिशत खनन पर रोक लगाई जाये। उन्होने कहा कि इसके बाद भी यदि खनन की शिकायतें प्राप्त होती हैं तो उस क्षेत्र के लेखपाल पर कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी तहसीलदार अपने क्षेत्र के 10 बड़े बकायदारों की वसूली तत्परता से करायें तथा एन्टी भूमाफियाओं पर कड़ी कार्यवाही करें।
               जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों से कहा कि वह अपनी अदालतों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण लक्ष्य के अनुरूप ससमय करें । उन्होने एसओसी चकबन्दी को निर्देश दिये कि जनपद में कितने गांव में चकबन्दी प्रक्रिया चल रही है की आज सायं तक आख्या प्रस्तुत करें। उन्होने कहा कि कृषि दुर्घटना बीमा व आम आदमी बीमा योजना में भी प्रगति लाई जाये। शीतलहर में गरीब व असहायों को सर्दी से राहत दिलाने के लिये चीनी मिलों, संस्थाओं आदि के माध्यम से कम्बल वितरण कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने तहसीलदारों को दिये। बैठक में अपर जिलाधिकारी डा0 विपिन कुमार मिश्र, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबन्धित अधिकारी मौजूद रहे।