नव विवाहिता की मौत पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट 

           हरदोई– संडीला कोतवाली इलाके में एक नवविवाहिता की अपने मायके में मौत हो गई।परिजनों ने ससुरालीजनों पर इलाज में लापरवाही और दहेज मांगने के आरोप लगाकर संडीला कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।नवविवाहिता 6 माह की गर्भवती थी।
         संडीला कोतवाली क्षेत्र के फरेंदा निवासी मोहित सिंह पुत्र हरिराम सिंह का कहना है उसने अपनी बहन अदिति सिंह की शादी 5 वर्ष पूर्व धीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र सुखराज सिंह निवासी ग्राम झाडावर थाना पिसावा जनपद सीतापुर के साथ की थी।शादी के बाद से ही उसकी बहन को उसके पति सास बहू उसके चचेरे ससुर दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और दहेज में चार पहिया वाहन सोफासेट कूलर फ्रिज वाशिंग मशीन की मांग करते थे।
        28 जून को उसकी बहन ने उसको फोन करके बताया कि वह बीमार है और ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर के उसका इलाज नहीं करा रहे हैं जिसके बाद से वह उसे लेकर अपने घर आया। यहां जब उसने हरदोई में डॉक्टर को दिखाया तो डॉक्टरों ने खून की कमी बताई और दूसरे दिन खून चढ़ाने के लिए कहा जिसके बाद वह अपनी बहन को हरदोई से अपने घर ले आया।यहां रात को जब उसकी बहन की तबियत बिगड़ी तो वह पैसे का इंतजाम कर रहा था इसी बीच उसकी बहन की मौत हो गई।युवक ने आरोप लगाया है उसकी बहन की मौत दहेज के लिए प्रताड़ित करने के चलते हुई है पुलिस ने महिला के पति सास व चचेरे ससुर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एसपी विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है कार्यवाही की जा रही है।