नाना की तहरीर पर नातिन को ज़हर दे कर मारने की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की । दहेज में बाइक और 20 हजार रुपये न देने पर ससुरालीजनों द्वारा ज़हर दे कर मारने का आरोप लगाया गया है ।
उन्नाव जनपद के थाना बांगरमऊ के गाँव आसत मुहिदीनपुर निवासी नसीर पुत्र मेवाड़ी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी नातिन गुलाब जहाँ 21 वर्षीय पुत्री स्वर्गीय अनवर की शादी 6 माह पूर्व थाना क्षेत्र के गाँव इंडलापुर निवासी वारिस पुत्र अनीस के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार की थी । जिसमें उसे हैसियत अनुसार दान दहेज के साथ विदा किया था । ससुरालीजन शादी के बाद से गुलाब जहाँ को कम दहेज का उलाहना दे कर प्रताड़ित करने लगे और एक मोटरसाइकिल और 20 हजार रुपये की मांग करते थे । जिसकी जानकारी नातिन ने फोन से कई बार दी । 21 नवंबर को उन्हें गुलाब जहाँ की मौत की सूचना मिली । जब वह इंदापुरवा पहुँचे तब उन्हें नातिन का शव रखा मिला । पुलिस को सूचना दे कर पोस्टमार्टम करवाया । बाद में मालूम हुआ कि दामाद वारिस और उसके पिता अनीस व एक अज्ञात व्यक्ति ने नातिन को ज़हर दे कर मार डाला था । पुलिस ने उक्त तीनों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया ।