कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सभी राजस्व प्राप्त करने वाले विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि नये वित्तीय वर्ष में अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रति माह राजस्व वसूली करना सुनिश्चित करें तथा बड़े बकायेदारों के विरूद्व अभियान चलाकर वसूली की जायें।
तीन बैठकों में लगातार वाणिज्य कर विभाग की कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने वाणिज्य आयुक्त एवं प्रमुख सचिव को पत्र लिखने के निर्देश दिये। स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन एवं तहसील सदर व सवायजपुर सब रजिस्ट्रार की कम वसूली पर भी जिलाधिकारी ने खेद व्यक्त करते हुए निर्देश दिये कि सब रजिस्ट्रार सदर व सवायजपुर को प्रतिकूल प्रविष्ट देते हुए सब रजिस्ट्रार सदर का सवायजपुर व सवायजपुर का सदर में स्थानान्तरण किया जाये। उन्होने तहसीलदार सवायजपुर को लगातार अनुपस्थित रहने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिये। नायाब तहसीलदार बावन, माधौगंज, संडीला का वेतन रोकने के निर्देश दिये।
आबकारी विभाग की कम वसूली पर श्री खरे ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिये कि सात दिन में सभी वसूली की सूचनायें प्राप्त करायें अन्यथा प्रतिकूल प्रविष्टि दी जायेगी। खनन विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि खनन अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 दिन में ईट भट्ठों से वसूली कराना सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग की मदवार वसूली की आख्या न दे पाने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मदवार वसूली की आख्या आज ही उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें अन्यथा कार्यवाही की जायेगी।
मण्डी, सिंचाई एंव नगर पालिका परिषद व पंचायतों की लक्ष्य के अनुरूप वसूली पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों को अपने लक्ष्य के अनुरूप हर माह राजस्व की वसूली करनी है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही एवं कोताही न बरती जायें। मासिक स्टाफ बैठक की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देश दिये कि वह निर्धारित दिनों में अपने कोर्ट में बैठकर वादों का निस्तारण समय सीमा में करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी विमल कुमार अग्रवाल, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित आबकारी, विद्युत, मनोरंजन, खनन, सिं चाई, मण्डी समिति, वाणिज्यकर, स्टाम्प एवं चकबन्दी विभाग के अधिकारियों आदि ने भाग लिया।