कौशाम्बी। नगर पंचायत अजुहा में बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय के सामने रामलीला मैदान पर आयोजित मीटिंग में संविदा व आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने वेतन भुगतान, साप्ताहिक अवकाश सहित ग्यारह सूत्रीय मांगों को पूरा करने के लिए राज्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
मीटिंग में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार तथा अध्यक्ष राज्य सफाई कर्मचारी आयोग लखनऊ सुरेंद्र नाथ बाल्मीकि ने सफाई कर्मचारियों के वेतन संबंधी भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, अधिशाषी अधिकारी, लेखा लिपिक द्वारा सफाई कर्मचारियों को अपमानित करना, सम्मान के साथ खेलवाड़ करना, महिला सफाई कर्मचारियों से कूड़ा ट्राली खिंचवाने, नगर में होने वाले शादी विवाह व अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में घास छुलवाने, जिम्मेदार नगर पंचायत जनप्रतिनिधियों के घरेलू कार्य, शौचालय साफ करने, घरों की नालियां साफ करने सम्बन्धी तमाम समस्याओं के समाधान के लिए सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया।
अधिशाषी अधिकारी अजुहा सूर्य प्रकाश गुप्ता की गैर मौजूदगी में लेखा लिपिक साकेत श्रीवास्तव ने सफाई कर्मचारियों की समस्या को सुलझाने के लिए अधिशाषी अधिकारी को अवगत कराने को कहा। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि घर में मृत्यु हो जाने पर अवकाश नहीं दिया जाता है। आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को महीने में तीस दिन की जगह छब्बीस दिन का वेतन दिया जाता है। जबकि शासन द्वारा पूरे महीने का वेतन भुगतान भेजा जाता है। सभी सफाई कर्मचारियों का चार दिन का वेतन काटकर जिम्मेदार अधिकारी , कर्मचारी तथा नगर पंचायत का संचालन करने वाले दलाल चार दिन का वेतन आपस में बंदरबांट कर अपना जेब भरकर मालामाल हो रहे हैं।
सफाई कर्मचारियों के ग्यारह सूत्रीय मांगों को पूरा करने के लिए राज्य मंत्री सुरेंद्र नाथ बाल्मीकि ने आश्वासन दिया।
मीटिंग के दौरान अजुहा नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार, कार्यालय के लिपिक मनोज कुमार, करन यादव, सुरेश यादव तथा जिला अध्यक्ष सफाई कर्मचारी महासंघ कौशाम्बी रामू आनन्द , दिलीप कुमार बाल्मीकि, मूलचंद्र बाल्मीकि, राजू बाल्मीकि सहित तमाम नगर पंचायत अजुहा के सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।