- भाई के बाद बहन लड़ रही कुपोषण से जंग ।
- तीन दिन पूर्व हो चुकी है भाई की मौत ।
- जिला अस्पताल के कुपोषण वार्ड में भर्ती करायी गई बहन ।
- कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़वा की है बालिका ।
- जिले के बच्चों में तेजी से फैल रहा है कुपोषण ।
जिले के बच्चों में कुपोषण तेजी से फैल रहा है । सरकार भले ही कुपोषण से जंग लड़ रही हो, लेकिन अधिकारी कागजों में जंग लड़ा रहे है । 3 दिन पूर्व एक बच्चे की कुपोषण से मौत हो गई थी अब उसकी बहन की कुपोषण से हालत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़वा निवासी माया देवी पत्नी राम खेलावन की तीन पुत्रियां और एक पुत्र था शनिवार को उन्होंने अपने पुत्र सूरज की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था । जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया था । चिकित्सक ने बताया था कि सूरज अतिकुपोषित था । पुत्र के बाद छोटी बेटी सजनी की हालत बिगड़ गई और उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया । चिकित्सक ने बताया कि सजनी भी अति कुपोषित है । माया देवी ने बताया कि वह बिहार की रहने वाली है और 5 वर्ष पूर्व रामखेलावन के साथ हरदोई चली आई और उसके साथ रहने लगी । दो माह पूर्व रामखेलावन ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया था । तभी से वह बच्चों को लेकर दर-दर भटक रही है । 2 माह से बच्चों को समुचित आहार न मिल पाने के कारण वह कुपोषण के शिकार हो गए थे ।
थाने पर भी नहीं हुई सुनवाई
पति ने माया देवी को मारा पीटा और घर से भगा दिया मारपीट में उसका बाया हाथ टूट गया पति के घर से निकालने के बाद वह कासिमपुर थाने पहुंची जहां से उसे भगा दिया गया इसके बाद वह महिला थाने पहुंची जहां पर उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई और अब वह न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।