कछौना (हरदोई)। भारत रत्न बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर जनपद में विभिन्न स्थानों बसपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं और दलित समाज के साथ विभिन्न वर्ग के लोगों द्वारा बाबा साहब को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कस्बा कछौना में बसपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बसपा कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क जाकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

शोषितों एवं वंचितों के मसीहा, सर्वसमावेशी संविधान के शिल्पकार, बोधिसत्व, भारतरत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के 64वें महापरिनिर्वाण दिवस पर रविवार को बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार चौधरी ने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कस्बा कछौना के सदर बाजार वार्ड स्थित अंबेडकर पार्क में जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार चौधरी ने देश के लिए बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि दबे कुचले वर्ग के लोगों की पीड़ा और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना को ध्यान में रखते हुए बाबा साहब ने आजादी के बाद देश को एकसूत्र में पिरोकर एक नयी ताकत के रूप में उभरने का मार्ग प्रशस्त करने के लिये ऐसे संविधान का निर्माण किया जो संपूर्ण विश्व के लिये आज भी मिसाल है। वहीं इस अवसर पर मौजूद बसपा के बालामऊ विधानसभा अध्यक्ष रंजीत राव गौतम ने बाबा साहब को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करते हुए कहा कि बाबा साहब ने जीवन पर्यंत शोषितों वंचितों और दलितों में चेतना जागृत करने और समानता के अधिकारों के लिए संघर्ष की वैचारिक लड़ाई लड़ी। उन्होंने देश की एकजुटता के लिए बड़ा योगदान दिया। वह अर्थशास्त्री, राजनेता, कानूनविद् के साथ-साथ दूर की सोच रखने वाले थे। देश के प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक दायरे में आर्थिक और सामाजिक न्याय, समान अवसरों और भाईचारे के लिए बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार चौधरी, रंजीतराव गौतम, डॉ भीमराव अंबेडकर दलित समाज सुधारक समिति के अध्यक्ष गंगाराम गौतम, विनोद हंस, रामदास, भूपलाल, रामऔतार, कन्हैया लाल, मंजेश कुमार, होशराम, श्रीराम, लवकुश, रामचन्द्र आदि बसपा कार्यकर्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।