मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों तथा निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों व सभी राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त/निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को एक पत्र लिखा है । मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण में नियोजित करने पर बल दिया । कुलपतियों एवं प्राचार्यों द्वारा हर सम्भव प्रयास किए जाएं कि छात्र-छात्राओं को शिक्षा का समुचित माहौल मिले । छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं विशेष तौर पर छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन से समन्वय कर सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध किए जाएं ।
मुख्यमन्त्री महोदय ने कहा कि राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के मूलभूत सिद्धान्तों का अनुसरण करने के लिए पाठ्यक्रमों में आवश्यक बिन्दु सम्मिलित किए जाएं । विद्यार्थियों को सांस्कृतिक मूल्यों एवं संवैधानिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशालाओं एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया जाए । छात्र-छात्राओं को भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से अवगत कराया जाए। महापुरुषों की जयन्ती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं । शैक्षणिक संस्थाओं में ऐसे प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं, जिससे विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता एवं सद्भाव के गुणों का विकास हो ।