दीपक कुमार श्रीवास्तव :
● खंड शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कछौना (हरदोई)। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रतिभाग हेतु 140 सदस्यीय छात्रों की टीम मंगलवार सुबह तड़के बस द्वारा ब्लाक संसाधन केंद्र से रवाना हुई। जिसे खंड शिक्षाधिकारी मनोज कुमार बोस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा प्रत्येक वर्ष जिला स्तर पर होती है। इस परीक्षा को पास करने वाले विद्यार्थियों को चार वर्ष तक के लिए प्रत्येक माह एक निर्धारित राशि की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। जनपद में विभिन्न केंद्रों पर मंगलवार 13 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा व राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2020-21 होना निर्धारित है। उन्होंने बताया कि जागरूकता के अभाव में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए विशेष लाभकारी इस परीक्षा के लिए पूरे जनपद से विगत वर्ष हुये 315 आवेदनों की तुलना में इस वर्ष मात्र 279 आवेदन ही प्राप्त हुए जिसमें ब्लॉक कछौना से हुए 156 आवेदन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा संख्या में 14-14 आवेदन उच्च प्राथमिक विद्यालय लोन्हारा ग्राम मतुआ से प्राप्त हुए हैं।
खंड शिक्षाधिकारी ने मंगलवार को बस द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग हेतु जिला मुख्यालय जा रहे विद्यार्थियों के जत्थे को सफलता की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुविधा के लिए बस मुहैया कराने के लिए लखनऊ खंड से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी अवनीश कुमार सिंह का भी विशेष आभार व्यक्त किया।