लंबी दूरी की बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण

ओडीसा तट से भारत ने सतह से सतह पर मार करने वाली लंबी दूरी की बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया है। देश में ही निर्मित इस अत्‍याधुनिक अग्नि-5 मिसाइल का निर्माण रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने किया है। इसे आज सुबह नौ बजकर 54 मिनट पर छोड़ा गया। ठोस ईंधन से संचालित तीन चरणों की ये मिसाइल पांच हजार किलोमीटर तक मार कर सकती है। इससे एक टन से अधिक वजन के परमाणु हथियार ले जा सकते हैं।

रक्षा अनुसंधान तथा विकास संगठन-डी आर डी ओ प्रमुख डॉक्‍टर एस क्रिस्‍टोफर ने कहा है कि अग्नि-5 मिसाइल परीक्षण रक्षा बल द्वारा पहला उपयोगकर्ता परीक्षण था। चेन्‍नई में उन्‍होंने कहा कि डी आर डी ओ, अपने सभी तीन परीक्षण कर चुका है। अर्जुन टैंक के विकास पर डी आर डी ओ प्रमुख ने कहा कि इस अत्‍याधुनिक टैंक के सेना की दो अतिरिक्‍त रेजीमेंट में शामिल करने के लिए बातचीत उच्‍चस्‍तर पर जारी है।