भारत-दक्षिणअफ्रीका क्रिकेट मैच-शृंखला २०१८ दक्षिणअफ्रीका में भारतीय बल्लेबाज़ी गम्भीर स्थिति में!

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय (क्रीड़ा-समीक्षक) –


केपटाउन, दक्षिणअफ्रीका में आज (५ जनवरी, २०१८ ई०) भारत-दक्षिणअफ्रीका के मध्य खेले गये तीन टेस्टमैचों की शृंखला के अन्तर्गत प्रथम टेस्ट मैच की प्रथम पारी में पहले ही दिन दक्षिणअफ्रीका के सभी खिलाड़ी २८६ रनों पर आऊट हो गये थे, जिसके जवाब में खेल के पहले दिन भारतीय बल्लेबाज़ अपनी प्रथम पारी में ३ विकेटों पर मात्र २८ रन बना सके थे। मुरली विजय, शिखर धवन तथा विराट कोहली ग़लत शॉट खेलकर अपने विकेट नव वर्ष के उपलक्ष्य में दक्षिणअफ्रीका को सप्रेम भेंटकर, हारे हुए जुआरी की तरह से मुँह लटकाये पैवेलियन की ओर बढ़ चले थे। यह अलग बात है कि उन्हें अपनी ग़लतियों का अनुभव हो रहा था। ऑफ-स्टम्प के बाहर जाती गेंदों पर छेड़ख़ानी करना उन्हें महँगा पड़ा था। शामी और हार्दिक पाण्ड्या ने अधिक रन दिये थे।
भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने सधी हुई गेंदबाज़ी करते हुए, ८७ गेंदों में ४ विकेट लिये थे। स्पिनर आर० अश्विन ने २ विकेट लिये थे।
दक्षिणअफ्रीका के ३ विकेट मात्र १२ रन पर गिर चुके थे परन्तु ए वी डिविलियर ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए, दक्षिणअफ्रीका का स्कोर सम्मानजनक स्थिति में पहुँचाया था। अन्तत:, जसप्रीत बुम्रा ने दक्षिणअफ्रीका के १२६ रनों के स्कोर पर ए वी डिविलियर के रूप में चौथा विकेट अपने नाम किया था। दक्षिणअफ्रीका का जब स्कोर १४२ पर ४ विकेट थे तभी कप्तान फाफ डुप्लेसिस के पगबाधा आऊट को क्षेत्रनिर्णायक और तीसरे निर्णायक ने आऊट देने से मना कर दिया परन्तु अगली गेंद पर वही विकेट गिर गया। इसप्रकार २०२ के स्कोर पर दक्षिणअफ्रीका की आधी टीम पैवेलियन लौट चुकी थी।
भुवनेश्वर के साथवाले गेंदबाज़ उनका साथ नहीं दे रहे थे। २०३ के स्कोर पर शिखर धवन ने एक कैच छोड़ा था, जो आगे चलकर महँगा पड़ा था। भारत के विकेटरक्षक ऋद्धिमान साहा ने ५ कैच लपक कर, स्वयं को विश्व का शीर्षस्थ विकेटरक्षक पुन: सिद्ध कर दिया है।
मैच का पहला दिन बहुत ही उतार-चढ़ाव से भरा हुआ था : कभी भारतीय दल प्रभावी दिख रहा था तो कभी दक्षिणअफ्रीकी दल। पहले दिन के खेल समाप्त होने पर कुल ३१४ रन बने थे और १३ विकेट गिर चुके थे। स्टेन को स्विंग कराने में सफलता मिल रही थी। फिलैण्डर और मॉर्कल की गुड लेंथ पर गेंदबाज़ी सधी हुई दिख रही थी। तीनों के नाम एक-एक विकेट है। फ़िलहाल, भारत के तीन प्रमुख बल्लेबाज़ों के विकेट उखाड़कर, दक्षिणअफ्रीका अभी आगे है परन्तु किसी निर्णय पर तुरन्त आना शीघ्रता कही जायेगी; अभी चार दिनों के खेल बाक़ी हैं।
(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, इलाहाबाद; ५ जनवरी, २०१८ ई०)