दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) – कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा कछौना के मोहल्ला इमलीपुर में शनिवार को एक विवाहिता युवती ने घर के अंदर अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरु कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला इमलीपुर में शनिवार की दोपहर विवाहिता युवती सीमा (25) की दादी सास बाजार व चचिया सास लकड़ी काटने गई हुई थी। इसी दौरान सीमा ने घर खाली देख अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। आसपास के लोगों को जब तक पता चलता है तब तक विवाहिता अंदर आग की लपटों में घिरकर दम तोड़ चुकी थी।जब उसकी दादी सास रमादेवी बाजार से वापस लौटी तो नजारा देख शोर मचाने लगी। पड़ोस के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जिस पर कोतवाल रायसिंह ने पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर पूछताछ करते हुए आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी। वहीं घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बघौली अखिलेश राजन भी मौके पर पहुंचे और मृतक विवाहिता युवती के परिजनों व आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। कोतवाल राय सिंह ने बताया कि युवती ने किन कारणों से घटना को अंजाम दिया यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिवार की रजामंदी के बगैर किया था प्रेम विवाह
मिली जानकारी के अनुसार जनपद के थाना क्षेत्र कासिमपुर के ग्राम गुलाबीखेड़ा निवासी मिश्रीलाल की पुत्री सीमा ने परिजनों की रजामंदी के बगैर लगभग 1 वर्ष पूर्व कोतवाली कछौना क्षेत्र के कस्बा कछौना के मोहल्ला इमलीपुर निवासी कमल पुत्र प्रकाश के साथ प्रेम विवाह किया था। जिसके बाद से कस्बा कछौना के मोहल्ला इमलीपुर स्थित उसके पति के घर के साथ रह रही थी। सीमा का पति कमल लखनऊ में ई-रिक्शा चलाता था। लगभग चार-पांच महीने पूर्व कमल को लखनऊ में हुई ई-रिक्शा चोरी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा था। तभी से कमल लखनऊ जेल में बंद है। इस दौरान कमल की पत्नी सीमा उसकी दादी रमादेवी व चाची सुनीता व उनके बच्चों के साथ कस्बा स्थित घर में रह रही थी। सूत्रों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बीच वह अपने मायके भी गई थी जहाँ से उसके परिजनों ने उसे दुत्कार कर भगा दिया। जिसके बाद वह वापस कछौना आकर अपने पति के परिवार के साथ रहने लगी। जिसके बाद शनिवार को उसने केरोसिन डालकर आग लगाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।