अपराधियों एवं भूमाफियाओं की जगह सीधे जेल है : पुलिस अधीक्षक

एंटी भूमाफियां अपराध के अन्तर्गत कार्यवाही की जाये : प्रभारी जिलाधिकारी

                    आज थाना मल्लावां एवं थाना बिलग्राम में समाधान दिवस का आयोजन प्रभारी जिलाधिकारी / मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । मल्लावां थाने में समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायत सुनते हुए श्री आनन्द ने कहा कि लेखपाल अपना कार्य ईमानदारी से करें तथा किसी के प्रति भेद भाव न किया जाये । उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच के दौरान जो सत्य हो उसी के प्रति न्याय करें और जिसका हक हो उसी को मिलना चाहियें ।
                  इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार ने लेखपालों एवं पुलिस अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र के भूमाफियाओं एवं अपराधिक प्रवृत्ति के लोगो पर कड़ी नजर रखें और किसी भी प्रकार की हरकत करने पर सीधे कार्यवाही करें, क्योकि अपराधियों एवं भूमाफियाओं की जगह सीधे जेल हैं । समाधान दिवस में थानाध्यक्ष आर0 पी0 सिंह एवं लेखपाल आदि मौजूद रहे । बिलग्राम थाने में समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी ने पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लेखपालों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि गरीबों की पट्टे की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करें तथा बार बार लोगों की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ एंटी भूमाफियां के अर्न्तगत कार्यवाही की जाये । यहां पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज में लोगो को भयभीत करने, गरीबों की भूमि पर अवैध कब्जा करने शान्ति का माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जायेगा और एक – एक अपराधी को चिहिन्त कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी ताकि आगे ऐसा करने वालों को सबक मिल सके । इस अवसर पर तहसीलदार बिलग्राम राकेश कुमार, सीओ देवेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह सहित कानूनगो एवं लेखपाल आदि मौजूद रहे ।