आज सुबह जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी जिले शोपियां में ज़वूरा में एक निजी स्कूल के दो बच्चे उस समय घायल हो गये जब उपद्रवियों ने उनकी बस पर पथराव किया। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि दूसरी कक्षा के एक बच्चे को इलाज के लिए श्रीनगर के अस्पताल में भेजा गया है। एक अन्य घटना में शोपिया में संदिग्ध आतंकवादियों ने सत्तारूढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मोहम्मद यूसुफ भट के निवास पर आज एक पेट्रोल बम फेंका। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।