जम्मू-कश्मीर में दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में आज शाम तहाब चौक के निकट आतंकवादियों ने सुरक्षा बल के एक दल पर हथगोले से हमला किया, जिसमें सी आर पी एफ के दो जवान घायल हो गए।
घायल सुरक्षा कर्मियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पिछले चार दिनों के दौरान सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड से यह ग्यारहवां हमला है। आज दिन में आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के शोंपिंया जिले में बाटापोर चौक पर ग्रेनेड फेंके, जिसमें कम से कम सोलह लोग घायल हुए।
केन्द्र सरकार ने जम्मू कश्मीर में सीमापार गोलीबारी के दौरान दुधारू मवेशियों के मारे जाने की स्थिति में प्रति पशु मुआवजे की रकम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। मंत्रालय ने कहा है कि जानमाल के वास्तविक नुकसान के मूल्यांकन के बाद प्रारम्भ में राज्य सरकार मुआवजे के दावों को पूरा करेगी। बाद में गृहमंत्रालय, सुरक्षा संबंधी व्यय की योजना के तहत राज्य सरकार को यह रकम अदा कर देगा।