त्रिवेणी एक्सप्रेस में महिलाओं से छेड़छाड़ और लूट

ट्रेनों में सुरक्षा और व्यवस्था की पोल खुल गयी है।चलती ट्रेन में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की वारदात हुई जिसके विरोध में महिला के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर आधा दर्ज़न बदमाश हरदोई में ट्रेन से उतर कर भाग निकले।पीड़िता ने मामले की शिकायत जीआरपी से की है।जीआरपी मामले की पड़ताल में लग गयी है।
त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन के रौजा से निकलने के बाद कुछ युवकों ने महिला यात्रियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर महिलाओं को आतंकित कर यात्रियों के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलते ही हरदोई में राजकीय रेलवे पुलिस ने रेलवे स्टेशन को घेर लिया लेकिन आरोपी युवक पहले ही ट्रेन रुकने से पहले कूदकर फरार हो गए। जबकि इससे पहले पुलिस कंट्रोल रूम को ट्रेन में लूट की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। महिला ने जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।जानकारी के अनुसार रौजा रेलवे स्टेशन से करीब दर्जन से भी अधिक युवक त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन के सामान्य कोच में सवार हुए। ट्रेन के कुछ दूरी तक चलने पर उन्होंने सीट पर बैठने को लेकर अन्य यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। जिसके बाद उन्होंने महिला यात्रियों के साथ छेड़छाड़ करते हुए पुरुष यात्रियों के साथ मारपीट भी की।
ट्रेन में लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी बबिता पत्नी अमरेंद्र गुप्ता भी सवार थी जो अपने भाई उमंग गुप्ता निवास शाहजहांपुर की शादी में शामिल होकर वापस लौट रही थी । जब उन्होंने विरोध किया तो मारपीट की गई । इस दौरान महिला से एक अंगूठी चैन और एक बैग लूट लिया गया। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पुलिस को ट्रेन में लूटपाट व छेड़छाड़ की सूचना दी। जिस पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस अधिकारी हरदोई स्टेशन पर पहुंच गए। जीआरपी पुलिस ने स्टेशन को घेर लिया। जैसे ही ट्रेन पहुंची तो यात्रियों ने पुलिस को आप-बीती सुनाई। जिसके बाद पुलिस ने ट्रेन की तलाशी भी ली। लेकिन यात्रियों ने बताया कि घटना को अंजाम देकर युवक स्टेशन के समीप ट्रेन स्लो होते ही भाग निकले।
बता दें कि इंडियन रेलवे यात्रियों के लिए रेलयात्रा को सुविधाजनक बनाने के साथ ही सुरक्षित बनाने का प्रयास भी कर रहा है और सुरक्षा को देखते हुए आने वाले दिनों में रेलवे ट्रेनों में कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है । रेलवे के अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था के बाद से ट्रेनों में चोरी व आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक लगाम लगाई जा सकेगी । साथ ही आए दिन ट्रेनों में होने वाली लूटपाट और चोरियों को भी कम किया जा सकेगा । लेकिन फिलहाल ऐसी व्यवस्था सिर्फ हवा में है। ट्रेन में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।