कासगंज के सहावर में जाम के दौरान भीड़ और पुलिस फोर्स में टकराव

कासगंज में ट्रिपल मर्डर के बाद सनसनी मची हुई है। उधर, इसको लेकर कासगंज के सहावर में जाम के दौरान भीड़ और पुलिस फोर्स में टकराव पैदा हो गया। भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज भी किया गया। एक पत्रकार के साथ भीड़ ने हाथापाई भी की। जिसके बाद भगदड़ मच गई। हालात को संभालने के लिए पीएसी बुलाई गई।

कासगंज के कस्बा सहावर में बीती रात बदमाशों ने वीभत्स घटना को अंजाम देते हुए एक मकान में डाका डाला। बदमाशों ने परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी । जबकि 3 लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। बदमाश डाका डालने के दौरान लाखों रुपए के नगदी जेवरात लूटकर ले कर भाग गए। घटना की जानकारी सुबह हुई तो गुस्साए लोगों ने तीनों लोगों की लाशों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।

कस्बा में घटना अवंती बाई नगर की है। रेलवे स्टेशन के सामने अवंती बाई नगर में बदमाशों ने बीते गुरुवार की रात बलवंत सिंह के घर में धावा बोला इस दौरान घर में चारपाई पर सो रही चंपा देवी पत्नी बलवंत सिंह माया देवी पत्नी राजकुमार एवं रामदास पुत्र किशनलाल को चारपाई पर ही रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद तीनों पर ताबड़तोड़ सरिया से प्रहार किए गए। जिससे तीनों लोगों की मौत हो गई।