आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय की त्रिदिवसीय हिन्दीभाषा-कर्मशाला का प्रारम्भ २४ सितम्बर से

प्रयागराज। व्याकरणवेत्ता एवं भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय प्रयागराज मे २४-२५-२६ सितम्बर को अनेक शासकीय-अशासकीय संस्था-संस्थानो-कार्यालयोँ मे छात्र-छात्राओँ, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा शासकीय कर्मियोँ को दैनिक जीवन मे हिन्दी की उपयोगिता एवं महत्ता पर प्रकाश डालते हुए, हिन्दी-अँगरेज़ी और अँगरेज़ी-हिन्दी-अनुवाद के नियम बताते हुए, भावपूर्ण अनुवाद कैसे किया जाता है, इसे समझायेँगे; साथ ही शुद्धतापूर्वक वाक्यगठन के नियमो का व्यावहारिक बोध करायेँगे।

इस दृष्टि से आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय की प्रथम कर्मशाला हिन्दी-शिक्षण के लिए ही समर्पित शिक्षण-संस्था ‘हिन्दी-संसार’, सलोरी के सभागार मे आयोजित होगी। वे २५ सितम्बर को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के नागर विमानन प्रशिक्षण कालेज, बमरौली के सभागार मे आलेखन/प्रारूपण, अवतरण आदिक मे शुद्धतापूर्वक हिन्दी-लेखन के महत्त्व को समझायेँगे। आचार्य के इस प्रशिक्षण का अन्तिम पड़ाव पावर ग्रिड कारपोरेशन आव इण्डिया होगा, जहाँ वे इन्दिरा भवन, सिविल लाइन्स मे द्वितीय त्रयमासिक एकदिवसीय राजभाषा-कर्मशाला का उद्घाटन करते हुए, प्रयागराज, मीरज़ापुर तथा फतेहपुर से आये हुए पावर ग्रिड कार्मिकोँ का हिन्दी मे कार्य करने के लिए उत्साहवर्द्धन करेँगे।