दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर-ट्राली से हुई भिड़ंत के हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि बुरी तरह घायल एक अन्य व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इस घटना से पूरा गांव गम मे डूबा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली कछौना क्षेत्र के ग्राम नैरा निवासी श्रीपाल शादी पार्टी में खाना बनाने का काम करता था। शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र संडीला स्थित पेप्सिको कंपनी (वरुण बेवरेजस) में आयोजित पार्टी में खाना बनाने के लिए वह अपने गांव के ही दो व्यक्तियों गोकरन व ललित उर्फ राजू के साथ गया हुआ था। जहाँ से तीनों अपना काम समाप्त करके मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर ग्राम हरदासपुर के पास सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। राजमार्ग से गुजर रहे राहगीरों द्वारा सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के द्वारा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर चिकित्सक द्वारा गोकरन व श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं ललित उर्फ राजू की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया जहाँ इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में हाहाकार मच गया। देर रात मृतक के परिजनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। फिलहाल संडीला पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस भीषण हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत होने से पूरे गांव में गम का माहौल व्याप्त है।