श्रद्धालुओं को ला रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, तीन की दर्दनाक मौत और दर्जन भर जख़्मी

कौशांबी। मैहर देवी मंदिर से दर्शन पूजन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने से घटनास्थल पर ही 3 लोगों की मौत हो गई। एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन स्थानीय पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया और तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सैनी थाना क्षेत्र के भड़ेहरी गांव से मैहर देवी मंदिर दर्शन पूजन करने के लिए लगभग दो दर्जन श्रद्धालु मंगलवार को ट्रैक्टर में सवार होकर गए थे। दर्शन पूजन करने के बाद बुधवार को मैहर से वापस घर आने के लिए ट्रैक्टर में सवार होकर सभी श्रद्धालु आ रहे थे कि अचानक जनपद चित्रकूट के अंतर्गत नयागांव थाना क्षेत्र के बटोही मोड़ के पास बुधवार की शाम करीब पांच बजे श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें शिव मोहन 50 वर्ष पुत्र कुंआरे निवासी भड़ेहरी थाना सैनी, राकेश 30 वर्ष पुत्र अज्ञात निवासी एकौरा थाना खखरेरू जनपद फतेहपुर, मनीषा देवी उम्र करीब 18 वर्ष पुत्री प्रकाश निवासी सरवन निंदूरा (मेडीपुर) थाना धाता जनपद फतेहपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही जनपद चित्रकूट के आला अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच 1 दर्जन से अधिक घायलों को आनन फानन चित्रकूट जिला अस्पताल व सदगुरु अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गंभीर रूप से घायल चार लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें एसआरएन हॉस्पिटल भर्ती करा दिया गया है। तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सड़क हादसे की जैसे ही खबर श्रद्धालुओं के परिजनों को हुई तो आनन फानन घटनास्थल पर पहुंच गए। भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत होने से श्रद्धालुओं के परिजनों में कोहराम मच गया।

कौशांबी से ब्यूरो रिपोर्ट