कछुआ तालाब ने प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में अपना स्थान बनाया है :- पुलकित खरे

  • कछुओं का संरक्षण एवं सुरक्षा करना सभी ग्रामवासियों की जिम्मेदारी :- जिलाधिकारी
  • किसी मंदिर के न होने के बाद भी इस तालाब में एक हजार से अधिक कछुए होना प्रकृति की देन :- डा॰ राजीव चौहान

ब्लाक बिलग्राम के ग्राम ककराखेड़ा में कछुआ तालाब पर आयोजित वन्य प्राणि सप्ताह के अन्तर्गत आयोजित गोष्ठी में उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने कहा कि यह ग्रामवासियों के लिए प्रकृति की एक अनमोल देन है जो आपके गांव के तालाब में इतने कछुए हैं । इसलिए इनका संरक्षण एवं सुरक्षा करना सभी ग्रामवासियों की जिम्मेदारी है।

कछुओं को देखते अधिकारीगण व अन्य

उन्होने कहा कि इस कछुआ तालाब ने प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में अपना स्थान बनाया है और इस तालाब को और अच्छा बनाने तथा कछुओं के संरक्षण को कैसे और अधिक बेहतर बनाया जाये इसके लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून के वन्य जीव विशेषयज्ञ डा0 राजीव चैहान को आमंत्रित किया गया है जो कछुओं के उत्थान के सम्बन्ध में जानकारी देगें और उसी के अनुसार इनके संरक्षण पर कार्य किया जायेगा। उन्होने कहा कि तालाब के चारों ओर वृक्षारोपण कराया जायेगा और तालाब में गांव के आने वाले पानी के निकासी वाले स्थानों पर जाली लगवायी जायेगी ताकि तालाब में पानी के अलावा किसी प्रकार का कूड़ा करकट न आयें। उन्होने ग्रामवासियों से कहा कि पोलोथीन का प्रयोग बिलकुल न करें और किसी अन्य बाहरी व्यक्ति को तालाब में किसी प्रकार की पॉलोथीन आदि न डालने दें।

इस अवसर पर डा0 राजीव चौहान ने कहा कि उन्होंने कई प्रदेशों का भ्रमण किया है जिनमें मंदिर के पास ही इस प्रकार के कुछ तालाब या सरोवर देखे हैं जहाँ जल-जीव संरक्षण किया जाता है । परन्तु यहां किसी मंदिर के न होने के बाद भी इस तालाब में एक हजार से अधिक कछुआ है यह प्राकृतिक की देन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सयय में जहां गौरैया, कौआ, चील एवं गिद्ध विलुप्त होते जा रहे हैं, वहीं इस तालाब के कछुओं का संरक्षण एवं सुरक्षा ग्रामवासियों द्वारा की जा रही है यह एक बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर इस तालाब का जीर्णोद्धार किया जा रहा है और कछुओं में वृद्धि के लिए विभिन्न विभागों से जो कार्य कराये जा रहे है वह प्रशंसनीय है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिलग्राम, खण्ड विकास अधिकारी बिलग्राम, डीसी मनरेगा, अधिशासी अभियंता जल निगम एवं ग्राम प्रधान से कहा कि इस तालाब के जीर्णोधार के सम्बन्ध में जो भी आवश्यक कार्य हो उन्हें शीघ्र कराना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी ने जिलाधिकारी पुलकित खरे एवं डा॰ राजीव चौहान का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वन्य जीव प्राणि सप्ताह के अन्तर्गत जो कार्य इस कछुआ तालाब के लिए सम्भव होगें उन्हें तत्परता से कराया जायेगा।